
चूरू। राजस्थान के चूरू शहर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र की हॉस्टल में आत्महत्या से सनसनी फैल गई। छात्र महज 18 दिन पहले ही बैंकिंग परीक्षा की तैयारी के लिए चूरू आया था और समाज के हॉस्टल में रह रहा था। घटना के बाद परिजनों ने हॉस्टल में रहने वाले एक सीनियर छात्र पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शहर के पंखा सर्किल के पास स्थित एक हॉस्टल की है। यहां सरदारशहर के अर्जुन क्लब निवासी भवानी शंकर सैनी (19) बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहा था। गुरुवार शाम को वह अपने कमरे में बेडशीट के फंदे से लटका मिला। हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों ने उसे तुरंत राजकीय भरतिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि मृतक के चाचा बजरंगलाल सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि भवानी शंकर 28 जून को चूरू आया था और समाज के हॉस्टल में रहकर बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके साथ उसका छोटा भाई भी उसी हॉस्टल में रहता था।
परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल में रहने वाला रिड़खला निवासी एक सीनियर छात्र अनिल सैनी लगातार भवानी शंकर को मानसिक रूप से परेशान करता था। उनका कहना है कि घटना वाले दिन दोपहर में भवानी ने अपने पिता को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। इसके बाद पिता ने हॉस्टल संचालक से भी संपर्क कर शिकायत की और मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और शाम को भवानी शंकर ने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हॉस्टल के छात्रों और संचालक से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।