चूरू जिले के बीदासर कस्बे के निकटवर्ती गांव मानपुरा की रोही में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बनी झोपड़ी में आग लगने से दो सगी बहनों की मौत हो गई।
Churu News : चूरू। जिले के बीदासर कस्बे के निकटवर्ती गांव मानपुरा की रोही में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बनी झोपड़ी में आग लगने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि दोनों मासूम बहनें झोपड़ी के भीतर ही जिंदा जल गईं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार रविवार करीब साढ़े तीन बजे खेत में बनी झोपड़ी में चूल्हा जल रहा था। इसी दौरान तेज हवा के कारण चूल्हे से निकली चिंगारी ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय झोपड़ी में 11 वर्षीय मोनिका और 9 वर्षीय डाली सो रही थीं। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य दोपहर चाय पीने के बाद पास स्थित कुएं के खेत में कृषि कार्य करने चले गए थे। उसी दौरान दोनों बच्चियां घर के छप्पर में सो रही थीं। इसी बीच अचानक छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरा झोपड़ी जलकर ढह गई, जिसके नीचे दबकर और आग की चपेट में आने से दोनों बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी सेठाराम मेघवाल ने बताया कि वह करीब साढ़े तीन बजे लघु शंका के लिए बाहर आया था। तभी पड़ोस के खेत में बने झोंपड़े में आग लगी दिखाई दी। वह दौड़कर मौके पर पहुंचा और पास के खेत में बने ट्यूबवेल से पाइप जोड़कर मोटर चालू कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक झोंपड़ा जलकर बच्चियों पर गिर चुका था। दोनों बच्चियां बुरी तरह झुलस चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और पटवारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी नेमीचंद ने घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों बच्चियों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इसके बाद बीदासर एसडीएम अम्मीलाल यादव तथा सुजानगढ़ एसपी सतपाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।