चूरू

चूरू: 45 साल का रिश्ता एक झटके में टूटा, शौहर ने भेजा तलाक का नोटिस; बीवी ने थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया

चूरू जिले के सुजानगढ़ में करीब 45 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते में दरार उस समय कानूनी विवाद में बदल गई, जब एक बीवी ने शौहर की ओर से तलाकनामा भेजे जाने के बाद शौहर, चार ननदों और दो अन्य के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने विवाह अधिकारों के संरक्षण अधिनियम-2019 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Aug 05, 2026
Triple Talaq Law
45 साल का रिश्ता एक झटके में खत्म (फोटो-एआई)

सुजानगढ़ (चूरू): चूरू के सुजानगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां करीब 45 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता कानूनी विवाद और पुलिस केस तक पहुंच गया। चार दशक से भी अधिक समय तक चले इस रिश्ते में उस वक्त दरार आ गई, जब शौहर ने अपनी बीवी को तलाकनामा भिजवा दिया। इसके बाद पीड़ित बीवी ने थाने पहुंचकर शौहर, चार ननदों और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवाह अधिकारों के संरक्षण अधिनियम-2019 और अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

1981 में हुआ था निकाह

पीड़िता ताहिरा खीची ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनका निकाह 2 अप्रैल 1981 को सुजानगढ़ निवासी मोहम्मद सलीम खीची के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों के एक बेटा और दो बेटियां हुईं। सालों तक परिवार ठीक-ठाक चलता रहा। पीड़िता का आरोप है, निकाह के समय उनके पीहर पक्ष यानी मायके वालों की तरफ से दिए गए सोने और चांदी के तमाम आभूषण उनके पति ने अपने पास ही रख लिए थे।

तलाकनामा

देवर-देवरानी के अलग होते ही बदला ससुराल वालों का व्यवहार

ताहिरा खीची ने रिपोर्ट में यह भी बताया किया कि शुरुआती सालों के बाद जब उनके देवर और देवरानी परिवार से अलग होकर रहने लगे, उसके बाद से ससुराल पक्ष के रवैये में अचानक बदलाव आने लगा। पीड़िता के मुताबिक, ससुराल वाले उन्हें लगातार परेशान करने लगे।

संपत्ति से बेदखल करने के लिए भेजा तलाकनामा

पीड़िता का आरोप है कि उन्हें पारिवारिक संपत्ति और हक से अलग करने की नीयत से यह पूरी साजिश रची गई। इसी नीयत के तहत 24 जुलाई को दो गवाहों के दस्तखत वाला एक तलाकनामा तैयार करवाकर उनके पास भिजवा दिया गया। 45 साल पुराने रिश्ते में इस तरह अचानक तलाकनामा मिलने से दुखी होकर पीड़िता थाने पहुंची।

FIR कॉपी

पति, चार ननदों और दो अन्य पर नामजद केस दर्ज

ताहिरा खीची की शिकायत और रिपोर्ट के आधार पर सुजानगढ़ कोतवाली पुलिस ने पति मोहम्मद सलीम खीची, ननद करिश्मा, जासमीन, सीमरन और यासमीन के साथ-साथ दो अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। सुजानगढ़ थानाधिकारी मुकेश कुमार इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है, दर्ज रिपोर्ट के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
05 Aug 2026 04:16 pm
Published on:
05 Aug 2026 04:10 pm