चूरू

Churu Accident : बच्चे कर रहे थे माता-पिता का इंतजार, जब एक साथ घर पहुंचा शव, मच गया कोहराम, सबकी आखें भर आईं

Churu Accident : ट्रेलर चालक और मोटरसाइकिल की टक्कर में अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी पूजा की उपचार के दौरान मौत हो गई। इधर चारों बच्चे टकटकी लगाई दरवाजे पर देख रहे थे कि माता-पिता कब आएंगे। पर सोमवार शाम जब शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 5:13 PM IST
churu husband wife died road accident chaos womens became emotional
Churu Accident : सादुलपुर. मृतक अशोक कुमार। फोटो पत्रिका

Churu Accident : सादुलपुर (चूरू). करीब एक दशक से ईंट भट्टों पर मजदूरी कर अपने बच्चों का भरण पोषण करने वाले पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार शाम अपने माता पिता का बच्चे घर मे इंतजार कर रहे थे, लेकिन माता पिता के शव जब घर पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। शहर के वार्ड नंबर-36 के लोग गमगीन हो गए। रात के अंधेरे में सन्नाटा पसर गया। सोमवार को जब दोनों पति-पत्नी की एक साथ घर से अर्थी निकली तो हर आंखें नम थी। रोते बिलखते बच्चों को और परिजनों को मोहल्ले के लोग और महिलाएं सांत्वना देते स्वयं भावुक हो गए।

25 अक्टूबर की शाम प्रतिदिन की तरह गांव किशनपुरा के पास स्थित ईंट-भट्टे पर मजदूरी कर वार्ड नंबर-36 निवासी अशोक कुमार रैगर उम्र 41 वर्ष तथा उसकी पत्नी पूजा उम्र 38 वर्ष अपनी मोटरसाइकिल से घर आ रहे थे। तभी सिद्धमुख-पुलिया के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक ट्रेलर चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिसके कारण अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में चूरू रेफर किया गया था। लेकिन उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई। मृतक दम्पति एक पुत्र और तीन पुत्रियों के माता-पिता थे। पुत्र सबसे छोटा है।

चचेरे भाई ने करवाया मामला दर्ज

थाना अधिकारी राजेश कुमार सिहाग के अनुसार वार्ड नंबर-36 निवासी रामनिवास रैगर ने मामला दर्ज करवाकर बताया कि उसके ताऊ ओकरमल के पुत्र अशोक कुमार अपनी पत्नी पूजा के साथ रविवार शाम को ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। 25 अक्टूबर शाम करीब 6.30 से 6.45 बजे के बीच जब अशोक कुमार और उनकी पत्नी सिद्धमुख- पुलिया के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर के चालक ने कथिततौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उसके भाई की मौके पर मौत हो गई। भाभी पूजा घायल हो गई। लेकिन उपचार के दौरान पूजा ने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे में अशोक कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों और परिचितों में शोक का माहौल है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना का मौका निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव उनके परिजनों को सौंप दिया, तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क सुरक्षा की अपील

थाना अधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करना, सावधानी बरतना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

Updated on:
26 Oct 2026, 5:13 PM IST
Published on: