चूरू

चूरू: गणेशजी की मूर्ति खरीदने आया युवक, 500 रुपये थमाकर उड़ा ले गया 7.20 लाख के सोने के गहने; CCTV में कैद हुई वारदात

Churu Jewellery Shop Theft: चूरू में गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने के बहाने युवक ने ज्वैलर्स की दुकान से करीब 7.20 लाख रुपए के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना CCTV में भी कैद हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
2 min read
Sep 22, 2026
Churu Jewellery Shop Theft
चोरी की घटना CCTV में कैद (Photo-Patrika)

चूरू. शहर के वार्ड 05 स्थित पंखा रोड पर जगदम्बा ज्वैलर्स की दुकान से एक चोरी की वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने के बहाने करीब 7.20 लाख रुपए के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। युवक ने दुकानदार से मूर्ति खरीदने की बात की और इसी दौरान मौका देखकर दराज में रखी सोने की चेन और अन्य गहने अपनी जेब में डाल लिए। घटना का पता युवक के दुकान से जाने के बाद चला। इसके बाद दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

खुद को जोधपुर का बताकर दुकान पर पहुंचा

दुकान मालिक प्रेम सोनी मेहरीवाला के बेटे सुरेश सोनी ने पुलिस को बताया कि करीब 22-23 साल का एक युवक दुकान पर आया था। उसने खुद को जोधपुर का रहने वाला बताया और कहा कि वह चूरू में मजदूरी करता है। युवक ने सुरेश से गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने की इच्छा जताई।

'16 हजार की मूर्ति लेनी है'

सुरेश ने युवक को गणेशजी की एक सोने की मूर्ति दिखाई, जिसकी कीमत करीब 9,200 रुपए बताई गई। युवक ने कहा कि उसे इससे ज्यादा कीमत यानी करीब 16 हजार रुपए की मूर्ति चाहिए। इसके बाद सुरेश दूसरी मूर्ति की तैयारी करने लगा। इसी दौरान युवक ने दुकान में रखे गहनों पर नजर रखी और मौका मिलते ही चोरी को अंजाम दे दिया।

दराज से चेन और गहने जेब में डालकर निकल गया

बताया गया कि जब सुरेश मूर्ति को दराज में रखने लगा, उसी समय युवक ने मौका पाकर दराज में रखी सोने की चेन और अन्य आभूषण अपनी पिछली जेब में डाल लिए। इन चोरी हुए गहनों की कुल कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके बाद युवक ने सुरेश को 500 रुपए दिए और कहा कि 16 हजार रुपए वाली गणेशजी की मूर्ति तैयार रखी जाए, वह शाम को आकर उसे ले जाएगा।

दुकानदार को शुरुआत में उसके चोरी करने का पता नहीं चला। बाद में जब दराज में रखे आभूषणों की जांच की गई तो सोने की चेन और अन्य गहने गायब मिले। इसके बाद दुकान संचालक को पूरा मामला समझ आया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस सीसीटीवी समेत अन्य सुराग खंगाल रही

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास की जानकारी जुटा रही है। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच में मददगार हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और चोरी हुए करीब 7.20 लाख रुपए के आभूषणों को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
22 Sept 2026 01:22 pm
Published on:
22 Sept 2026 12:53 pm