19 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पति दुकान पर ले रहा था दवाई, बाहर स्कूटी पर बैठी थी पत्नी, अचानक गले पर झपटा बदमाश; जयपुर में चेन स्नैचिंग

Jaipur Crime: जयपुर के दुर्गापुरा मार्केट में स्कूटी पर बैठी महिला के गले से बदमाश सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification
jaipur crime

जयपुर में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना

जयपुर। राजधानी जयपुर के दुर्गापुरा मार्केट में शुक्रवार शाम एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात हो गई। जानकारी के अनुसार महिला अपने पति के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थी। पति मेडिकल शॉप से दवा लेने चला गया और पत्नी बाहर स्कूटी पर बैठकर उसका इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश पैदल महिला के पास गया और पीछे से उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। इसके बाद वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

दवा लेने गया था पति

पुलिस की दी हुई जानकारी के अनुसार, सांगानेर निवासी रवि जैन (40) शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अपनी पत्नी मोना जैन के साथ दुर्गापुरा मार्केट आया था। दोनों बाजार में खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान रवि मेडिकल शॉप पर दवा लेने चला गया। पत्नी मोना बाहर स्कूटी पर बैठी पति का इंतजार कर रही थी। इसी बीच बाइक पर सवार दो युवक कुछ दूरी पर आकर रुके। दोनों ने महिला को देखा और उसके बाद एक युवक महिला के पास आया।

गिरते-गिरते बची महिला

युवक पीछे से मोना के करीब आया और अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। हमला इतना अचानक था कि महिला संभल नहीं पाई और स्कूटी से नीचे गिरते-गिरते बची। चेन टूटते ही मोना ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बदमाश को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह तेजी से भागकर बाइक तक पहुंच गया।

दोनों आरोपी फरार

चेन तोड़ने के बाद बदमाश अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों बाइक पर बैठकर तेजी से वहां से निकल गए। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बजाज नगर थाना पुलिस ने तत्काल आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो बदमाश की करतूत कैमरे में कैद मिली। फुटेज में बदमाश महिला के पीछे पहुंचता और उसके गले से चेन झपटकर भागता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।