
चूरू। राजस्थान के चूरू में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा की ओर से बुधवार को कनिका सिंह और कांग्रेस की ओर से प्रकाश बुडानिया ने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला परिषद में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि भाजपा संख्याबल के लिहाज से पीछे है। इसके बावजूद दोनों दल अपना जिला प्रमुख बनाने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में मतदान के दौरान सदस्यों की एकजुटता और सियासी समीकरणों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के नामांकन के दौरान उनके पति पराक्रम सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, पद्मश्री देवेंद्र झाझड़िया सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस ने प्रकाश बुडानिया को मैदान में उतारा है। दोनों ही दलों ने अपने-अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी कर रखी है। वोटिंग के समय ही जिला परिषद सदस्यों को लाया जाएगा।
39 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 21, भाजपा के 17 और माकपा का एक सदस्य विजयी हुआ। जिला प्रमुख के लिए 20 मत जरूरी है। कांग्रेस में तीन और भाजपा में एक नाम चर्चा में है। भाजपा की रणनीति पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, जबकि कांग्रेस की कमान सांसद राहुल कस्वां, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, तारानगर विधायक नरेन्द्र बुडाणिया और पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया के हाथों में है।
जिला प्रमुख का ताज युवा चेहरे के सिर सजेगा या अनुभव के दम पर कोई बुजुर्ग बाजी मारेगा, इसका फैसला चुनाव में होगा। विजेता सदस्यों की उम्र के आंकड़ों पर नजर डालें तो 21 से 30 वर्ष के 3, 31 से 40 वर्ष के 11, 41 से 50 वर्ष के 17, 51 से 60 वर्ष के 3 और 61 वर्ष से अधिक उम्र के 5 सदस्य है। विजेताओं की औसत उम्र करीब 45 वर्ष है। 40 वर्ष तक के 14 सदस्यों ने जीत दर्ज की है। वही विजेता सदस्यों में महिलाओं की भागीदारी करीब 51 प्रतिशत रही है।
जिला प्रमुख का निर्वाचन बुधवार को होगा, जबकि उप जिला प्रमुख का चुनाव गुरुवार को कराया जाएगा। दोनों पदों के लिए जिला परिषद सभागार में निर्वाचित सदस्यों की बैठक होगी। रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न करवाई जाएगी। सुबह 10 बजे निर्वाचित सदस्यों की बैठक। सुबह 11 बजे तक, नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय। सुबह 11.30 बजे, नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 1 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आवश्यकता होने पर मतदान होगा।