चूरू

ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े फायरिंग, पहले मिली थी धमकी, 2 करोड़ रुपए की मांगी थी फिरौती

सुजानगढ़ कस्बे में दिन दहाड़े बाजार में बुधवार शाम ज्वैलर्स पर फायरिंग से दहशत फैल गई। बदमाशों की फायरिंग में ज्वैलर पवन सोनी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी घायल हो गया।
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2023, 7:54 PM IST
firing on jewelers in sujangarh churu

चूरू। सुजानगढ़ कस्बे में दिन दहाड़े बाजार में बुधवार शाम ज्वैलर्स पर फायरिंग से दहशत फैल गई। बदमाशों की फायरिंग में ज्वैलर पवन सोनी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी घायल हो गया। करीब एक माह पहले ज्वैलर्स पवन सोनी को रोहित गोदारा नाम से धमकी मिली थी और दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इधर, सूचना पर डीएसपी रामप्रताप विश्नोई ने मौका मुआयना किया। घटना के बाद रतनगढ डीएसपी हिमांशु शर्मा सहित छापर, बीदासर, सालासर का जाब्ता मौके पर पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन नकाबपोश भामाशाह मार्ग के एक कटले में से होकर पैदल ही पवन सोनी के प्रतिष्ठान जेडीजे ज्वैलर्स के सामने आए और यहां उन्होंने धड़ाधड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस पर दुकान में बैठी ग्राहक महिलाएं व पुरुष डर के कारण अन्दर चेम्बर्स में भाग गई। व्यवसायी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी रमेश ने फायरिंग की तो जवाब में हमलावरों ने उस पर भी फायरिंग की। जिससे पुलिसकर्मी के बाजू में छर्रे लगे, लेकिन पुलिसकर्मी डटा रहा और शटर गिराकर फायरिंग करता रहा। 2-3 मिनट तक चले घटनाक्रम में जब हमलावर भागने लगे।

बदमाशों ने कटले के दूसरे गेट पर बाइक खड़ी कर रखी थी। ऐसे में दो भागने में सफल रहे। लेकिन लिछू व राजू नायक युवकों ने बहादुरी दिखाते एक हमलावर को पकड़ लिया। इस दौरान हमलावर ने पिस्तोल उनकी छाती पर तानी लेकिन वे डरे नहीं। फिर भीड़ ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

हमलावर युवक सुजानगढ़ क्षेत्र के आस-पास के ही बताएं जा रहे हैं। अभी तक पुलिस इसके बारे में जानकारी नहीं दे रही है व पूछताछ में जुटी है। जिसका मामला कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज है। फायरिंग के बाद व्यापारिक संगठनों ने गुरुवार को बाजार बंद की घोषणा की। सुजानगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप तोदी ने बताया कि फायरिंग के विरोध में बाजार बंद रखा जाएगा।

Published on: