चूरू

अमृतम जलम अभियान : नौतपा की तपिश में जल बचाने उतरे ‘जन प्रहरी’, जोहड़ सफाई में बहाया पसीना

जन प्रहरियों ने कहा कि पानी और पर्यावरण संरक्षण के लिए आमजन को जोहड़ों और कुंडों की सफाई जैसे कार्यों से जुड़ना चाहिए, ताकि समाज में जनहित कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
2 min read
May 27, 2026
Patrika Amratam Jalam

सादुलपुर. भीषण गर्मी और नौतपा की तपिश के बीच गांव किशनपुरा में राजस्थान पत्रिका के ‘अमृतम जलम अभियान’ ने जल संरक्षण की नई मिसाल पेश की है। चौथे दिन सोमवार को भी जन प्रहरियों ने गर्मी की परवाह किए बिना जोहड़ की सफाई कर श्रमदान किया। सुबह सात बजे से दस बजे तक ग्रामीण, युवा और स्कूली विद्यार्थियों ने जोहड़ में जमा मिट्टी हटाने और रास्तों को साफ करने का कार्य किया।

जोहड़ से हटाई मिट्टी, काटे विलायती बबूल
पर्यावरण प्रेमी एवं शिक्षक देवदास स्वामी ने बताया कि अभियान के तहत जोहड़ में वर्षों से जमा मिट्टी को बाहर निकाला गया। साथ ही जोहड़ और उसके आसपास खड़े विलायती बबूल तथा झाड़-झंखाड़ हटाकर रास्तों को साफ किया गया। ग्रामीणों ने मोक्ष भूमि तक जाने वाले मार्ग से भी कीकर और कांटेदार बबूल हटाकर रास्ता सुगम बनाया।

“जो मजदूर नहीं कर पाए, वह जनशक्ति ने कर दिखाया”
ग्रामीणों ने कहा कि जो काम वर्षों से नहीं हो पाया, वह राजस्थान पत्रिका (Rajasthan Patrika) की प्रेरणा और गांव की जनभागीदारी से संभव हो रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद युवाओं ने लगातार श्रमदान कर जोहड़ को साफ करने का संकल्प लिया, जिससे अब बड़ी मात्रा में मिट्टी हटाई जा चुकी है।

पशुधन को मिलेगा पानी, गांव में बढ़ी उम्मीद
शिक्षक देवदास स्वामी ने कहा कि पत्रिका अभियान की प्रेरणा से गांव का जोहड़ वर्षों बाद साफ हो रहा है। इससे बरसात का पानी संग्रहित होगा और पशुधन को भी पीने का पानी उपलब्ध हो सकेगा। सूर्य की तेज तपिश के बीच भी जन प्रहरियों ने जोहड़ के पायतन की सफाई जारी रखी।

चार दिनों से लगातार जुटे हैं जन प्रहरी
गत चार दिनों से ग्रामीण सुबह-शाम श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। मंगलवार को अभियान का समापन होगा। जन प्रहरियों ने कहा कि पानी और पर्यावरण संरक्षण के लिए आमजन को जोहड़ों और कुंडों की सफाई जैसे कार्यों से जुड़ना चाहिए, ताकि समाज में जनहित कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

ये रहे अभियान के जन प्रहरी
अभियान में दशरथ सिंह, सचिन, जयवीर सिंह, महिपाल सिंह, सागर, राहुल, अमन, दीपक, योगेश, मोहित, अनिल राठौड़, अनिल मीणा, संतदास स्वामी, शहदेव सिंह राठौड़, विजेंद्र राठौड़, विनोद बलौदा, नानू नाई, अंकित मीणा, रोहित नायक, योगेश स्वामी, रोहित कुमार, रिछपाल मीणा सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर श्रमदान किया।

Updated on:
27 May 2026 12:09 pm
Published on:
27 May 2026 12:09 pm