Case Cruelty For Dowry: चूरू जिले में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने शराब के नशे में पत्नी पर लोहे के पाइप से हमला किया, सिगरेट से हाथ-पैर जलाए और उसे घर से निकाल दिया।
Churu Woman Beaten Brutally Over Dowry: चूरू जिले में दहेज में SUV और पांच लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता के साथ क्रूरता की हदें पार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराबी पति ने पत्नी के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके हाथ-पैर सिगरेट से दाग दिए।
आखिरकार पीड़िता को घर से निकाल दिया गया। इस संबंध में गांव चलकोई बनीरोतान की विवाहिता सरिता कंवर (26) ने शनिवार को महिला थाना में अपने पति संजय सिंह सहित ससुराल पक्ष के 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने शाम 4 बजे करीब बताया कि उसका विवाह 6 मार्च 2024 को झुंझुनूं जिले के टाई गांव निवासी संजय सिंह से हुआ था। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। शादी के समय से ही SUV और पांच लाख रुपए की मांग को लेकर ताने और प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि पति संजय शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था। सितंबर 2024 में उसने लोहे के पाइप से हमला किया और सिगरेट से हाथ-पैर जलाए, जिनके निशान आज भी मौजूद हैं। कई बार समझाइश और काउंसलिंग के बावजूद पति के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
अक्टूबर 2025 में एक बार फिर मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। महिला थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आईपीसी की धारा 498ए व 323 सहित बीएनएस 2023 की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच महिला थाना प्रभारी रचना बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।