चूरू

चूरू जिले में मानवता शर्मसार : नवजात बच्ची को झाड़ियों में फेंका, पहचान से पहले नोच ले गए श्वान

चूरू जिले के साहवा क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। झाड़ियों में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान हो पाती, उससे पहले ही आवारा श्वान शव को नोच ले गए। शव का डीएनए सैंपल सुरक्षित किया गया है।
2 min read
Jul 19, 2026
Churu
Churu: इसी स्थान से मिला बच्ची का शव (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

चूरू। जिले के साहवा थाना क्षेत्र के रैयाटुंडा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहरी क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक नवजात बालिका का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहवा की मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद नगर पालिका के सहयोग से नवजात का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार दोपहर एक महिला ने गांव में एक श्वान को मुंह में नवजात का शव दबाए हुए देखा। सूचना मिलने पर ग्रामीण उसके पीछे गए तो गांव से बाहर खेत के रास्ते के पास झाड़ियों में शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। आशंका है कि शव को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुनसान स्थान पर छोड़ दिया, जिसके बाद आवारा जानवर उसे नोच ले गए।

अस्पतालों के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

जांच अधिकारी एएसआई सुल्तान सिंह पूनियां ने बताया कि मौके पर शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस अब रैयाटुंडा सहित आसपास के गांवों, ढाणियों तथा सरकारी व निजी अस्पतालों के हालिया प्रसव रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।

यह वीडियो भी देखें :

डीएनए सैंपल सुरक्षित

सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेन्द्र कुमार ने बताया कि नवजात की उम्र करीब 0 से 3 दिन आंकी गई है। शिशु का जन्म पूर्ण विकसित एवं जीवित अवस्था में हुआ था। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण मृत्यु के सटीक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। डीएनए नमूने सुरक्षित कर लिए गए हैं, जिससे पहचान और जांच में मदद मिल सके। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने मामले की निष्पक्ष व शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

इनका कहना है-

'ग्रामीणों की सूचना पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चूरू जिले के रैयाटुंडा सहित आसपास के राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों से हालिया प्रसव संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नवजात की पहचान और उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके।' थानाधिकारी, सुल्तान सिंह पूनियां

'मृत नवजात बालिका के शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस को सौंप दिया गया है। नवजात की उम्र 0 से 3 दिन प्रतीत होती है तथा उसका जन्म पूर्ण विकसित एवं जीवित अवस्था में हुआ था। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण मृत्यु के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल सका। डीएनए नमूने सुरक्षित कर लिए गए हैं।' सीएचसी प्रभारी, डॉ. राजेन्द्र कुमार

Updated on:
19 Jul 2026 03:56 pm
Published on:
19 Jul 2026 03:56 pm