Good News For Children: भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026’ के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के तहत 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2026: भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026’ योजना के लिए अब नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पुरस्कार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। इसमें बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इस पुरस्कार का उद्देश्य देश की प्रतिभाशाली बाल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और प्रोत्साहन देना है।
बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक सत्येन्द्रपाल वीर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत योग्य बच्चों के नामांकन 31 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन किसी भी प्रकार का आवेदन मान्य नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार के लिए कोई भी व्यक्ति, संस्था या स्वयं बच्चा भी अपना नामांकन कर सकता है। नामांकन प्रक्रिया में बच्चे की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण लगभग 500 शब्दों में देना अनिवार्य है। इसके साथ ही अधिकतम 10 सहायक दस्तावेज और एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो भी अपलोड करना आवश्यक होगा।
यह पुरस्कार बच्चों को उनकी प्रतिभा के आधार पर राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है, जिससे वे अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बन सकें। चयनित बच्चों को भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उन्हें विशेष पहचान दी जाएगी। सत्येन्द्रपाल वीर ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास की बाल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें इस पुरस्कार के लिए नामांकन हेतु प्रेरित करें, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर सकें और देश का नाम रोशन कर सकें। अधिक जानकारी और आवेदन के लिए आधिकारिक पोर्टल पर विजिट किया जा सकता है।
इस योजना के माध्यम से सरकार का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को उजागर करना और उन्हें सही मंच प्रदान करना है। ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ न केवल बच्चों को सम्मान देता है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी करता है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है, जिसमें बच्चों की उपलब्धियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाता है।