चूरू

Churu News: खेत में दवा का छिड़काव करने के बाद बिगड़ी तबीयत, युवा किसान की मौत

चूरू जिले के सरदारशहर में खेत में सरसों की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने के बाद 33 वर्षीय किसान की तबीयत बिगड़ गई। परिजन सुबह अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:39 PM IST
Churu News
Churu: सरदारशहर के राजकीय उप जिला अस्पताल में पंचनामें की कार्रवाई करती पुलिस। फोटो-पत्रिका

चूरू। जिले के सरदारशहर क्षेत्र में खेत में सरसों की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने के बाद एक युवा किसान की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र 33 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना भानीपुरा थाना क्षेत्र के खेजड़ा अगुना गांव की है। गांव निवासी बिरुराम मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भतीजा ओमप्रकाश मेघवाल 10 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे सरसों की फसल में कीटनाशक का छिड़काव करने खेत पर गया था। कृषि कार्य पूरा करने के बाद वह शाम को घर लौट आया।

रात में बिगड़ने लगी तबीयत

परिजनों के अनुसार, रात करीब 4 बजे ओमप्रकाश की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे बेचैनी महसूस होने लगी। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने का फैसला किया। बुधवार सुबह करीब 6 बजे उसे सरदारशहर के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार करने का प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत की खबर से परिजन स्तब्ध रह गए। परिवार में शोक का माहौल छा गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर होगी। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। युवा किसान की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
11 Nov 2026, 5:39 PM IST
Published on: