चूरू

Churu Crime: हनीट्रैप में फंसाकर किया ब्लैकमेल, युवक से मांगे तीन लाख रुपए, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार

Honey Trap Case: पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक मामले में मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर उससे तीन लाख रुपए की मांग की थी।

2 min read
Jun 07, 2026
Honey Trap Case
एआई तस्वीर

चूरू। जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि महिला ने एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपए की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच की, जिसके बाद महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं उसके एक सहयोगी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह वीडियो भी देखें

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि एक परिवादी ने पुलिस थाना बीदासर में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक महिला ने उसे प्रेम संबंधों के बहाने अपने जाल में फंसाया और बाद में विभिन्न तरीकों से दबाव बनाकर तीन लाख रुपए की मांग की। परिवादी ने खुद को ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बीदासर में 25 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

विशेष टीम का गठन

इसके बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों की निगरानी में थानाधिकारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल रिकॉर्ड, आसूचना संकलन और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी जया देवी (31) निवासी प्रताप बस्ती, बीकानेर तथा वर्तमान में सरदारशहर निवासी को 6 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में महिला का सहयोगी सत्यनारायण प्रजापत (50) निवासी दड़ीबा, बीदासर को भी डिटेन किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जया देवी और सत्यनारायण प्रजापत के खिलाफ बीदासर थाने में पूर्व में भी इसी प्रकार का मामला दर्ज हो चुका है। उस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी और वे जमानत पर चल रहे थे।

पुलिस की अपील

चूरू जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से ऐसे मामलों में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है तथा अन्य लोगों को भी ऐसे अपराधों का शिकार होने से बचाया जा सकता है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी दिलीप सिंह के साथ पुलिस थाना बीदासर के सहायक उपनिरीक्षक अविनाश जाखड़, कांस्टेबल सरोज मकानी, गिरीश तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Published on:
07 Jun 2026 08:57 pm