
चूरू। सरदारशहर क्षेत्र के बोघेरा गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। करीब एक वर्ष पहले विवाह बंधन में बंधे युवक की उपचार के दौरान मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की पत्नी गर्भवती है और घर में नई खुशियों के आगमन से पहले ही मातम छा गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल राजेंद्रसिंह ने बताया कि बोघेरा निवासी बुद्धाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
यह वीडियो भी देखें
रिपोर्ट के अनुसार 24 मई की रात उसका भतीजा 27 वर्षीय भालाराम पुत्र पीथाराम बोगरा गांव आने के लिए भोजरासर रोही स्थित गाजूसर फांटा के पास सड़क किनारे किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही प्रेमचंद तेज गति से मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा। अचानक बाइक रोकने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया और सड़क किनारे खड़े भालाराम से टकरा गया। हादसे में भालाराम और बाइक चालक दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल सरदारशहर के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। भालाराम की हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर रेफर किया गया। बाद में चोमू और फिर जयपुर के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, लेकिन 22 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रविवार को उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही भालाराम का शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीण और रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देते नजर आए। जानकारी के अनुसार भालाराम की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और परिवार जल्द ही नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता बनने से पहले ही भालाराम की मौत हो गई और अजन्मे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। यह दर्दनाक पहलू पूरे क्षेत्र में लोगों को भावुक कर रहा है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।