
Abhishek Nair on Team India: भारत के पूर्व कोच अभिषेक नायर ने टीम के मौजूदा प्रदर्शन पर चिंता जताते हुए इस बात पर जोर दिया कि टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों के लिए दिशा बनाए, न कि अफरा-तफरी का माहौल दे। उनका यह बयान इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत पर क्लीन स्वीप के बाद आया है। श्रेयस अय्यर एंड कंपनी की ये लगातार दूसरी सीरीज हार है। नायर ने स्पिन विभाग की समस्याओं पर बात करते हुए कहा कि गौतम गंभीर के लीडरशिप वाले सपोर्ट स्टाफ को मौजूदा खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
जियोस्टार के मैच सेंटर लाइव पर बात करते हुए अभिषेक नायर ने बताया कि अक्षर पटेल इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए सबसे आसान निशाना थे, क्योंकि वह न सिर्फ आउट ऑफ फॉर्म थे, बल्कि उन्हें ड्रिफ्ट भी नहीं मिला। जैसा कि भारत में मिलता है। पूर्व कोच ने जोर देते हुए कहा कि अपने स्पिनरों के साथ कंसिस्टेंट बने रहने और उन्हें जल्दी बाहर न करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुलदीप यादव बार-बार अंदर-बाहर हो रहे हैं। वहीं, वरुण चक्रवर्ती काफी चोटों से जूझ रहे थे। उन्होंने स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले से स्पिनर्स के साथ मिलकर काम करने की अपील भी की।
नायर ने आगे कहा कि बहुतुले और सपोर्ट स्टाफ को इन प्लेयर्स के साथ भविष्य को ध्यान में रखकर काम करने की आवश्यकता है, न कि प्लेयर्स को हटाने की। वे गेंदबाजों को बताएं कि आप उनसे क्या उम्मीद करते हैं और आप उन्हें कहां बेहतर होते देखना चाहते हैं। जब आप हारते हैं, तो आपको टीम के लिए दिशा बनाने की जरूरत है, अव्यवस्था फैलाने की नहीं।
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय स्पिनर्स का प्रदर्शन बहुत खराब रहा। अक्षर पटेल 4 मैचों में सिर्फ 2 विकेट लिए और 11 से ज्यादा की इकॉनमी से 156 रन लुटा दिए। वहीं, वरुण चक्रवर्ती चोट की वजह से आखिरी टी20 से बाहर हो गए। उन्होंने भी इस सीरीज में सिर्फ 2 विकेट लिए और 7 ओवर में 72 रन दे डाले। रवि बिश्नोई सिर्फ एक मैच खेले। उन्होंने तीसरे टी20 में 4 ओवर के स्पेल में 60 रन लुटा दिए, जिसमें एक ओवर 29 रन का भी था। जबकि कुलदीप यादव को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया था।