क्रिकेट

Abhishek Sharma Fined, KKR vs SRH: इस हरकत के चलते मुसीबत में अभिषेक शर्मा, BCCI ने लिया एक्शन, काटी मैच फीस, 1 डिमेरिट पॉइंट भी दिया

KKR vs SRH: अभिषेक पर आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए कार्रवाई की गई। उन्हें 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके नाम एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।

3 min read
Apr 03, 2026
अभिषेक पर आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए कार्रवाई की गई। (photo - IPL official Site)

Abhishek Sharma Fined, Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें संस्करण का छठा मुक़ाबला तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2016 की चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। कोलकाता के इडेन गार्डेन में खेले गए इस मुक़ाबले में हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ पारी खेली। लेकिन उनकी एक हरकत के चलते वह विवादों में आ गए हैं।

अभिषेक शर्मा के इस मैच में आउट होने का तरीका काफी चर्चा में रहा। अर्धशतक से बस कुछ रन दूर रहते हुए उनकी शानदार पारी एक विवादित कैच पर खत्म हो गई। ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन डीप मिडविकेट पर खड़े वरुण चक्रवर्ती ने उनका कैच लपका। हालांकि कैच साफ नहीं दिख रहा था, फिर भी थर्ड अंपायर ने अलग-अलग एंगल से वीडियो देखने के बाद अभिषेक को आउट करार दिया।

ये भी पढ़ें

अजिंक्य रहाणे का एक गलत फैसला और घर में बुरी तरह हार गई KKR, SRH ने चखा जीत का स्वाद

आउट होने के फैसले से नाखुश नजर आए

अभिषेक इस फैसले से नाखुश नजर आए। वे सर हिलाते हुए और अंपायर के निर्णय पर असहमति जताते हुए पवेलियन लौट गए। मैच समाप्त होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले में सख्ती दिखाई। अभिषेक पर आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए कार्रवाई की गई। उन्हें 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके नाम एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।

अभिषेक ने धारा 2.3 के तहत लेवल-1 का अपराध स्वीकार किया

अभिषेक ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.3 के तहत लेवल-1 का अपराध स्वीकार कर लिया है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया है। आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में यह साफ नहीं बताया गया कि अभिषेक को सजा क्यों दी गई। हालांकि धारा 2.3 मुख्य रूप से मैच के दौरान गलत भाषा का इस्तेमाल या अपशब्द कहने से संबंधित है।

हैदराबाद ने केकेआर को 65 रन से हराया

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 8 विकेट खोकर 226 रन ही बना सकी। इस टीम को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.4 ओवरों में 82 रन जुटाए। ट्रेविस हेड 21 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए, उनकी इस पारी में 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। इनके अलावा, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 48 रन टीम के खाते में जोड़े।

सलामी जोड़ी के टूटने के बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। 9.2 ओवरों तक एसआरएच का स्कोर 118/4 था। यहां से हेनरिक क्लासेन ने नितीश रेड्डी के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन जोड़कर टीम का दोहरा शतक पूरा कराया। क्लासेन 35 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नितीश रेड्डी ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट निकाले। कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय के नाम पर 1-1 विकेट रहे।

केकेआर की खराब बल्लेबाजी

इसके जवाब में केकेआर 16 ओवरों में महज 161 रन पर सिमट गई। फिन एलन ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ 1.3 ओवरों में 30 रन की साझेदारी की। एलन महज 7 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे।

यहां से अंगकृष रघुवंशी ने कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। रहाणे ने टीम के खाते में 8 रन का योगदान दिया। अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। रिंकू ने 35 रन जुटाए, जबकि अंगकृष ने 29 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। हैदराबाद के खेमे से जयदेव उनादकट ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि ईशान मलिंगा और नितीश रेड्डी ने 2-2 विकेट निकाले। 1 विकेट हर्ष दुबे के नाम रहा।

ये भी पढ़ें

IPL 2026 Points Table: केकेआर पर बड़ी जीत के बाद भी टॉप -4 में नहीं पहुंचा हैदराबाद, यह टीम नंबर 1 पर, देखें अंकतालिका

Updated on:
03 Apr 2026 10:35 am
Published on:
03 Apr 2026 09:51 am
Also Read
View All

अगली खबर