2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजिंक्य रहाणे का एक गलत फैसला और घर में बुरी तरह हार गई KKR, SRH ने चखा जीत का स्वाद

KKR vs SRH IPL 2026 Match Update: सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 226 रन बनाए, जवाब में केकेआर की टीम 161 रन पर ही ढेर हो गई।

2 min read
Google source verification
KKR vs SRH IPL 2026

KKR vs SRH (फोटो- IANS)

IPL 2026, KKR vs SRH Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के छठे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रन से धूल चटा दी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता की टीम ने टॉस जीता, लेकिन पहले सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी का न्योता दिया। हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 226 रन बनाए। 227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम 16 ओवर में ही 161 रन पर ढेर हो गई। यह सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की पहली जीत है, जबकि केकेआर की लगातार दूसरी हार है।

रहाणे से हुई बड़ी चूक

यह हार केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे की बड़ी गलती की वजह से भी मानी जा रही है। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की बजाय पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आपको बता दें कि पिछले सीजन जब दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने हुई थीं, तब कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाए थे और जवाब में सनराइजर्स की टीम 120 रन पर ही सिमट गई थी। ऐसे में अगर आज भी कोलकाता पहले बल्लेबाजी करती, तो दूसरी पारी में सनराइजर्स पर दबाव बनाया जा सकता था, लेकिन रहाणे ने ऐसा नहीं किया।

दूसरी तरफ, सनराइजर्स को बेहतरीन शुरुआत दिलाने में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए छह ओवर में ही 80 के करीब रन जोड़ दिए। हालांकि दोनों ही ओपनर अर्धशतक से चूक गए। ट्रेविस हेड 46 रन बनाकर आउट हुए, तो अभिषेक शर्मा 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान ईशान किशन सिर्फ 14 रन बना सके। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा, जबकि नितीश कुमार रेड्डी ने 39 रन की पारी खेली, जिससे टीम 226 तक पहुंचने में सफल रही।

छा गए ब्लेसिंग मुजरबानी

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी केकेआर के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वैभव अरोड़ा को भी दो सफलताएं मिलीं, जबकि वरुण चक्रवर्ती महंगे साबित हुए और दो ओवर में 31 रन लुटा दिए। वहीं कार्तिक त्यागी ने चार ओवर में 48 रन खर्च किए।

227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अजिंक्य रहाणे 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नारायण जगदीशन ने सात गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन ठोक दिए, लेकिन वह भी जल्द पवेलियन लौट गए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद सिर्फ रिंकू सिंह ही कुछ देर क्रीज पर टिक सके। बाकी कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और पूरी टीम 16 ओवर में ही ढेर हो गई।