
Abhishek Sharma, India vs Ireland 1st T20: भारत को आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए पहले टी20 मुक़ाबले में उलटफेर का सामना करना पड़ा है। आयरलैंड ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड चैम्पियन को 34 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहला मौका है, जब आयरलैंड ने भारत को किसी भी फॉर्मेट में हराया है।
इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इकलौते बल्लेबाज थे, जिन्होंने कुछ कमाल का प्रदर्शन किया। बाकी सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। हालांकि, अभिषेक के आउट होने के बाद उनके स्कोर को लेकर काफी कन्फ्यूजन देखने को मिला। ब्रॉडकास्ट पर दिखाया गया कि अभिषेक ने 8वें ओवर में लियाम मैकार्थी की गेंद पर सिंगल लेकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। भारतीय डगआउट में तालियां बजीं और अभिषेक ने भी थम्स-अप किया। लेकिन अगली गेंद पर वे आउट हो गए।
बाद में स्कोरकार्ड में सुधार किया गया। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर लिया गया सिंगल बाद में लेग-बाय करार दिया गया, जिसके कारण अभिषेक का स्कोर 50 से घटकर 49 हो गया। क्रिकबज ने भी शुरुआत में अभिषेक का स्कोर 20 गेंद में 50 रन दिखाया था, जिसे बाद में सुधार दिया गया। साथ ही उन्होंने उस आंकड़े को भी हटा दिया जिसमें अभिषेक को आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाला बताया गया था।
अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। भारत बनाम आयरलैंड सीरीज के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर ‘सोनी स्पोर्ट्स’ ने लाइव टीवी पर स्पष्ट रूप से दिखाया था कि अभिषेक की फिफ्टी पूरी हो गई है और उन्होंने बल्ला ऊपर उठाकर जश्न भी मनाया था।
मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवरों में सिर्फ 148 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद अब भारत पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। अगर भारत दूसरे मैच में भी हार जाता है, तो आयरलैंड के खिलाफ पहली बार उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा, जो विश्व चैंपियन होने के लिहाज से बेहद शर्मनाक होगा। आयरलैंड ने अब तक कभी कोई टी20 सीरीज नहीं जीती है।