
Abhishek Sharma Stats in 2026 International T20: टीम इंडिया के सलामी टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की डिस्ट्रिक्ट लेवल के एक मैच में लगाई गई दोहरे शतक की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने इस मुकाबले में सिर्फ 91 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और 25 छक्कों की मदद से 233 रन बनाए। जिला स्तरीय मुकाबले में 25 छक्के लगाने वाले अभिषेक शर्मा का इंटरनेशनल पिच पर इस साल बुरा हाल हा है। वह प्रति मैच 2 छक्के भी नहीं लगा पाए हैं।
अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप सहित इस साल 23 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनकी 20 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 30.23 की औसत से 514 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 84 रन और स्ट्राइक रेट लगभग 150 का रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान उनके बल्ले से केवल 31 छक्के निकले हैं, यानी औसतन प्रति मैच दो छक्के भी दर्ज नहीं हो सके हैं।
इसके विपरीत, ईशान किशन इस साल भारत के लिए सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 28 मैचों में 49 छक्के जड़े हैं, जिनमें से अकेले टी20 इंटरनेशनल में 41 छक्के शामिल हैं। अभिषेक शर्मा से आगे शिवम दुबे भी हैं, जिन्होंने 25 मैचों में 34 छक्के लगाए हैं।
अभिषेक शर्मा का यह साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खास नहीं रहा है। पिछली 5 पारियों में उनका हाई स्कोर सिर्फ 16 रन रहा, जबकि 4 बार वह दहाई के आंकड़े (10 रन) तक भी नहीं पहुँच सके। जिम्बाब्वे दौरे पर 3 मैचों में वह सिर्फ 11 रन बना पाए, तो इंग्लैंड दौरे की 5 पारियों में उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला। आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों में उन्होंने 49 रन बनाए, वहीं टी20 वर्ल्ड कप के 8 मैचों में दो अर्धशतक तो आए लेकिन तीन बार वह खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट में इस तूफानी दोहरे शतक के बाद उनकी फॉर्म में वापसी की उम्मीद जताई जा रही है।
भारतीय टीम को इस साल 14 टी20 मैच और खेलने हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज आयोजित होगी। साल के अंत में श्रीलंका के खिलाफ भी टी20 सीरीज प्रस्तावित है। इसके अलावा, भारतीय टीम एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेगी, जहाँ फाइनल तक पहुँचने पर 3 मुकाबले खेलने को मिलेंगे। साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के साथ तीन-तीन मैचों की टी20 सीरीज आयोजित करने को लेकर बातचीत का दौर जारी है।