अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने आईपीएल इतिहास में पहले विकेट के लिए 6 बार शतकीय साझेदारी की हैं। यह ऐसा करने वाली इकलौती एक्टिव जोड़ी है।
Mumbai Indians vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सलामी जोड़ी के रूप में दोनों खिलाड़ियों ने बुधवार को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली संयुक्त रूप से 'नंबर-1' जोड़ी बन गई है।
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने आईपीएल इतिहास में पहले विकेट के लिए 6 बार शतकीय साझेदारी की हैं। यह ऐसा करने वाली इकलौती एक्टिव जोड़ी है। इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर और शिखर धवन की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर-जॉनी बेयरस्टो, फाफ डु प्लेसिस-विराट कोहली और शुभमन गिल-साई सुदर्शन को जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर है, जिन्होंने 5-5 बार ऐसा किया।
बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में 244 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी इस सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में अटूट साझेदारी करते हुए 92 रन बनाए। यह सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल मैच के दौरान शुरुआती 1-6 ओवरों के बीच पांचवां सबसे बड़ा स्कोर रहा। एसआरएच आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध पावरप्ले में 125/0 का स्कोर बना चुकी है, जो इस लिस्ट में सबसे बड़ा स्कोर है।
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए। इस टीम को विल जैक्स और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.1 ओवरों में 93 रन जोड़े।
जैक्स 22 गेंदों में 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रिकेल्टन ने 55 गेंदों में 8 छक्कों और 10 चौकों के साथ 123 रन की नाबाद पारी खेली। इनके अलावा, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 31 रन, जबकि नमन धीर ने 22 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से प्रफुल हिंगे ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में एसआरएच ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 30 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों के साथ 76 रन बनाए। इनके अलावा, हेनरिक क्लासेन ने 30 गेंदों में नाबाद 65 रन की पारी खेली। सलिल अरोड़ा ने 10 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 30 रन बनाए। एसआरएच ने मैच 6 विकेट से अपने नाम किया।