AFG vs ENG Match Highlights: पाकिस्तानी खेली जा रही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खिलाडि़यों की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लगी है। इंग्लैंड के खिलाफ जैसे अफगानिस्तान ने जीत दर्ज की तो एक शख्स मैदान में घुस आया और आते ही एक अफगानी गिरेबान पर हाथ डाल दिया। हालांकि तुरंत सुरक्षाकर्मी उसे खदेड़कर बाहर ले गए।
Afghanistan vs England Match highlights: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बुधवार रात को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफगानिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 8 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। आईसीसी इवेंट्स में इंग्लैंड पर अफगानिस्तान की ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले अफगानी टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज की थी। इस जीत के बाद अफगानी टीम ने मैदान पर ही जमकर जश्न मनाया, लेकिन उस समय रंग में भंग पड़ गया, जब एक शख्स ने एक अफगानी खिलाड़ी के गले पड़ने का प्रयास किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे दबोच लिया और मैदान से बाहर ले गए। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान खिलाडियों की सुरक्षा में सेंध का ये पहला मामला नहीं है।
दरअसल, अफगानिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ जीत की खुशियां मना रही थी कि इसी बीच मैदान पर एक अप्रत्याशित घटना घटी। मैच के बाद एक व्यक्ति अफगान खिलाड़ियों के गले पड़ने की कोशिश करते हुए पिच की ओर दौड़ पड़ा। उस शख्स ने एक खिलाड़ी के कॉलर भी पकड़ लिए, लेकिन तभी सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे मैदान से बाहर ले गए। हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि ये शख्स कौन था?
चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ये दूसरी घटना है, जब कोई इस तरह सुरक्षा घेरा तोड़कर पिच तक पहुंचा है। इससे पहले न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश मैच के दौरान पाकिस्तान के एक आतंकी समूह के एक समर्थक ने मैदान पर दौड़कर खेल को बाधित किया था। इतना ही नहीं उसने रचिन रविंद्र को पीछे से पकड़ने का प्रयास भी किया था। उस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उस घुसपैठिए को गिरफ्तार कर लिया था और उसके बाद पाकिस्तान के सभी क्रिकेट वेन्यू पर किसी के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
बता दें कि अभी तक अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच के बाद पिच पर पहुंचे व्यक्ति की पहचान को लेकर कोई अपडेट नहीं है। हालांकि ये घटना इतने बड़े इवेंट में पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है। अगर पीसीबी ने आगामी मैचों में पुख्ता प्रबंध नहीं किए तो कोई भी अनहोनी हो सकती है, क्योंकि इस टूर्नामेंट को प्रभावित करने के लिए पहले भी कई धमकियां मिल चुकी हैं।