क्रिकेट

वनडे सीरीज से पहले लगा बड़ा झटका, चोट की वजह बाहर हुआ अफगानिस्तान का ये तेज गेंदबाज

वनडे सीरीज के बाहर होने वाले 23 वर्षीय सफी ने अफगानिस्तान के लिए एक टेस्ट, दो वनडे और एक टी20 मैच खेला है। सफी की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज बिलाल सामी को रिजर्व पूल से अफगानिस्तान की मुख्य टीम में शामिल किया गया है।
2 min read
Oct 06, 2025
Afghanistan Cricket Team Players
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी (फोटो- IANS)

AFG vs BAN ODI Series 2025: अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच 8 अक्टूबर से तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। अफगानिस्तान के दाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें कमर में दर्द के कारण सीरीज से हटना पड़ा है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा, "टीम के फिजियो का मानना ​​है कि इस बुधवार को होने वाले पहले वनडे के लिए उनके फिट होने की संभावना कम है। सलीम पूरी तरह से फिट होने और राष्ट्रीय टीम में शामिल होने तक एसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे।"

23 वर्षीय सफी ने अफगानिस्तान के लिए एक टेस्ट, दो वनडे और एक टी20 मैच खेला है। सफी की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज बिलाल सामी को रिजर्व पूल से अफगानिस्तान की मुख्य टीम में शामिल किया गया है। बिलाल सामी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक सिर्फ एक ही मैच खेला है। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच 8 अक्टूबर को सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। इसके बाद 11 अक्टूबर को दोनों देश सीरीज का दूसरा मैच खेलेंगे। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। तीनों मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में आयोजित होंगे।

वनडे सीरीज से पहले दोनों देशों के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसमें बांग्लादेश ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। बांग्लादेशी टीम सीरीज का पहला मैच 4 विकेट से जीती, जिसके बाद अगले मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम किया। यहां से अफगानिस्तान के पास सीरीज का अंतिम मुकाबला जीतकर सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन ये मैच भी टीम ने 6 विकेट से गंवा दिया।

वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूल, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खारोटे, बशीर अहमद, रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, एम गजनफर, अब्दुल्लाह अहमदजई और बिलाल सामी।

Updated on:
06 Oct 2025 09:40 pm
Published on:
06 Oct 2025 09:40 pm