क्रिकेट

KKR के सबसे निचले पायदान पर पहुंचने के बाद BCCI ने कप्तान रहाणे को दिया जोर का झटका, ठोका भारी भरकम जुर्माना

Ajinkya Rahane fined: IPL 2026 में अजिंक्‍य रहाणे की कप्तानी में KKR शुरुआती 5 मैचों में बिना कोई जीत के साथ पाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है। इसी बीच BCCI ने अजिंक्य रहाणे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

2 min read
Apr 15, 2026
KKR Commits Blunder
मैच के बीच प्‍लेयर्स से चर्चा करते कप्‍तान अजिंक्‍य रहाणे। (फोटो सोर्स: IANS)

Ajinkya Rahane fined: आईपीएल का 19वां सीजन कप्‍तान अजिंक्य रहाणे के लिए अब तक बहुत बुरा रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स जहां लीग के इतिहास में पहली बार अपने शुरुआती पांच मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। इसी बीच कप्तान रहाणे को अब मंगलवार को एम चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान आचार संहिता (Code of Conduct) का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन पर तगड़ा जुर्माना ठोका है।

12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया

मैच के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के लिए बीसीसीआई ने रहाणे पर जुर्माना लगाया है। आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 न्यूनतम ओवर-रेट के उल्लंघन से संबंधित है। कप्‍तान ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। चूंकि यह टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन है। इसलिए रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

इन कप्‍तानों पर भी लग चुका है जुर्माना

बता दें कि रहाणे इस सीजन में धीमी ओवर-रेट के उल्लंघन के लिए दोषी पाए जाने वाले चौथे कप्तान हैं। श्रेयस अय्यर पहले कप्तान है, जिन्‍हेंने पंजाब किंग्‍स के दो मैचों में इस नियम का उल्लंघन किया। 31 मार्च को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ और 2 अप्रैल को सीएसके के खिलाफ। अय्यर पर पहले उल्लंघन के लिए 12 लाख रुपये और दूसरे उल्लंघन के लिए 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

इसके बाद शुभमन गिल का नंबर आया, जब 8 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नियम तोड़ा। उनके बाद पिछले हफ्ते दिल्ली के खिलाफ सीएसके के मैच के दौरान रुतुराज गायकवाड़ पर जुर्माना लगा। दोनों पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, क्योंकि यह उनका पहला उल्लंघन था।

केकेआर सबसे निचले पायदान पर

2024 की चैंपियन टीम का आईपीएल 2026 में बहुत बुरा हाल है। वह अपने शुरुआती पांच मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है। अपने पहले मैच में उन्हें मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 65 रनों की करारी हार मिली।

फिर ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश से धुलने पर एक-एक अंक साझा करके केकेआर ने अपना खाता खोला। हालांकि इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स और सीएसके के खिलाफ हार के बाद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रह गई।

Published on:
15 Apr 2026 09:06 am
Also Read
View All