क्रिकेट

अरुण धूमल बने रहेंगे IPL चेयरमैन, BCCI AGM में अंपायरों की सैलरी बढ़ाने पर भी फैसला

Arun Dhumal retained in IPL Governing Council: अरुण धूमल को IPL चेयरमैन के रूप में फिर चुना तय हो गया है। घरेलू अंपायरों और मैच रेफरी की सैलरी बढ़ाने के साथ कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई।
2 min read
Sep 18, 2026
Arun Dhumal to continue as IPL Chairman.
अरुण धूमल आईपीएल के चेयरमैन बने रहेंगे।

Arun Dhumal: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मुंबई स्थिति हेडक्वार्टर में 95वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) हुई। इस बैठक में अरुण सिंह धूमल और एम खैरुल जमाल मजूमदार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के लिए फिर से चुना गया। बता दें कि किसी उम्मीदवार ने इन दोनों सीटों के लिए नॉमिनेशन नहीं भरा। ऐसे में धूमल और मजूमदार का औपचारिक रूप से चुना जाना तय हो गया। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके जोति द्वारा नॉमिनेशन की अंतिम लिस्ट की पुष्टि के बाद आसानी से दोनों के फिर से चुने जाने का रास्ता साफ हो गया।

घरेलू अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान पर भी निर्णय

एजीएम में घरेलू क्रिकेट के अंपायरों और मैच रेफरी के लिए भी अहम फैसला लिया गया। आम सभा ने उनके भुगतान ढांचे में बढ़ोतरी और ग्रेड सिस्टम में बदलाव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। हालांकि, बीसीसीआई एजीएम ने इसको लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इसके अलावा बीसीसीआई ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए खातों को मंजूरी दी, साथ ही 2026-27 के वार्षिक बजट को स्वीकृति दी। अगले वित्त वर्ष के लिए ऑडिटर्स की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।

भव्य होगा आईपीएल का 20वां सीजन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले साल IPL को भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया है। इसके लिए बोर्ड ने तैयारियां शुरू करने की बात कही है। वहीं, 2028 में बीसीसीआई के 100 साल पूरे होने के अवसर पर शताब्दी समारोह की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। बोर्ड के मुताबिक यह एक साल तक चलने वाला कार्यक्रम होगा, जो दिसंबर 2027 से शुरू होकर पूरे 2028 तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य भारतीय क्रिकेट की यात्रा और उसकी उपलब्धियों का जश्न मनाना है।

एजीएम की बैठक में दिव्यांग क्रिकेटरों के विकास पर भी चर्चा हुई। बीसीसीआई ने राज्य क्रिकेट संघों के साथ मिलकर उनके लिए बेहतर सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

एजीएम में बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और सचिव देवजीत सैकिया समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। सौरव गांगुली, सौरभ तिवारी, जयदेव शाह, रोहन जेटली और अभिषेक डालमिया भी बैठक में शामिल हुए। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की ओर से पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने प्रतिनिधित्व किया।

अजीत अगरकर पर फैसला नहीं

बीसीसीआई की शुक्रवार को हुई सालाना आम बैठक में मेंस टीम सिलेक्शन कमेटी से जुड़े मामलों को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि इस संबंध में अधिकार बोर्ड के अधिकारियों के पास होगा। सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के रूप में अजीत अगरकर को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। अभी तक यह भी साफ नहीं है कि उनका अनुबंध बढ़ाया जाएगा या नहीं। अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक है।

बीसीसीआई उपाध्य राजीव शुक्ला ने कहा कि सीनियर और जूनियर पुरुष चयन समितियों से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है, हालांकि चयनकर्ताओं के नाम पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता के पद पर बने नहीं रहते हैं, तो नए चयनकर्ता की नियुक्ति के लिए बीसीसीआई की तय प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।

Updated on:
18 Sept 2026 07:36 pm
Published on:
18 Sept 2026 06:22 pm