
भारतीय टेस्ट टीम। (फोटो सोर्स: IANS)
No change to BGT venues: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अगले वर्ष बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी होनी है, जहां दोनों टीमें पांच टेस्ट मैचों में आमने-सामने होंगी। भारत में होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मैच के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। दावा किया गया था कि रांची के बजाय अन्य जगह पर मुकाबला कराया जाएगा। अब इस तरह की तमाम अटकलों पर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी ने चुप्पी तोड़ी है।
'क्रिकबज' की रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी ने अगले साल होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में रांची की जगह बदले जाने की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी। इसके बाद चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने साफ कहा, 'वेन्यू में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अगर किसी को इस बारे में BCCI को पत्र लिखना है, तो वह मुझे लिखना चाहिए, लेकिन मैंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है।'
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए रांची का आयोजन स्थल बदले जाने की अटकलों के पीछे सर्दियों में जल्दी सूर्यास्त होने को वजह बताया जा रहा है। दावा किया गया कि टीम प्रबंधन ने जनवरी-फरवरी के दौरान रांची में दिन जल्दी ढलने से जुड़ी चिंता BCCI के सामने रखी। कहा जा रहा है कि रांची में शाम के समय रोशनी कम होने पर खेल रोकना पड़ सकता है, जिससे मुकाबले में ओवरों की संख्या प्रभावित होने और पांच दिवसीय टेस्ट को निर्धारित समय में पूरा करने में मुश्किल आने की आशंका है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच टेस्ट मैच खेलने के लिए अगले साल भारत का दौरा करेगी। अब तक तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 21 जनवरी से नागपुर, दूसरा 29 जनवरी से चेन्नई, तीसरा 11 फरवरी से गुवाहाटी, चौथा 19 फरवरी से रांची और पांचवां 27 फरवरी से अहमदाबाद में खेला जाएगा।
WTC 202-27 अंक तालिका की बात करें तो मौजूदा स्थिति में भारत 68 अंकों और 51.52 जीत प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 96 अंकों और 80 जीत प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है।
Updated on:
18 Sept 2026 05:54 pm
Published on:
18 Sept 2026 05:54 pm
