क्रिकेट जगत के मौजूदा दौर में एक बल्लेबाज ऐसा भी है, जिसकी हर पारी एक नया किर्तिमान बना रही है।
नई दिल्ली। रिकी पोटिंग, एडम गिलक्रिस्ट, मैथ्यू हेडन, शेन वार्न, मैक्ग्रा, ब्रेटली जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के संन्यास लेने के बाद आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बारे में कहा जा रहा था अब यह टीम वैसा प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रहेगी। लेकिन इस चैंपियन टीम ने स्टीव स्मिथ के नेतृत्व में जिस तरह से अपनी पुरानी धाक कायम की है, वो क्रिकेट पंडितों के लिए शोध का विषय है। आस्ट्रेलियाई टीम के बेहतरीन प्रदर्शन में सबसे बड़ी भूमिका उसके कप्तान स्टीव स्मिथ की हैं। जो न केवल टीम का बेहतरीन नेतृत्व कर रहे हैं बल्कि अपनी असाधारण बल्लेबाजी से टीम मेंबर को हमेशा कुछ खास करने की ओर प्रेरित भी कर रहे हैं। आस्ट्रेलिया और इग्लैंड के बीच जारी विश्व प्रतिष्ठित एशेज सीरीज में स्मिथ ने बल्लेबाजी की नई ऊचाईयों को हासिल किया हैं। मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माने जाने वाले स्मिथ के बल्ले से निकली हर एक पारी एक नया कीर्तिमान रच रही है।
सिडनी टेस्ट में भी बनाया नया रिकॉर्ड
स्टीव स्मिथ ने एशेज के पांचवें और आखिरी मैच में एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। मैच में 83 रनों की पारी खेलने वाले स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 6000 रन पूरा किया। स्मिथ इस मुकाम तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले दूसरे क्रिकेटर बने। आस्ट्रेलियाई कप्तान अपनी 111वीं पारी में 6,000 टेस्ट रन तक पहुंचने की उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गये। वह सिर्फ महान खिलाड़ी डान ब्रैडमैन से पीछे हैं।
सर्वोच्च रैकिंग में दूसरे नंबर पर हैं स्मिथ
जब से क्रिकेट एक लोकप्रिय खेल के रूप में स्थापित हुआ है, तब से सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग के मामले में सर डॉन बैडमैन का नाम सबसे ऊपर हैं। 961 अंक के साथ बैडमैन का ये रिकॉर्ड तो आज भी कायम है। लेकिन पहली बार बैडमैन के इस रिकॉर्ड पर खतरा महसुस किया जा रहा है। अपनी लगातार बेहतरीन पारी के दम पर स्मिथ 947 अंक तक आ पहुंचे हैं। वे बैडमैन के रिकॉर्ड रेटिंग अंक से महज 14 अंक पीछे है। यदि आगे भी स्मिथ के बल्ले से ऐसे ही रन निकलता रहा तो वे विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े कीर्तिमान को तोड़ सकते हैं।
5 मैचों की सीरीज में 3 शतक
स्मिथ इस पांच मैचों की सीरीज में तीन शतक जड़ चुके हैं। जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। इस सीरीज में अभी आस्ट्रेलियाई टीम के पास अभी एक पारी की बल्लेबाजी और बची है। ऐसे में बेहतरीन फार्म में चल रहे स्मिथ के बल्ले से एक और नायाब पारी की उम्मीद की जा सकती है।