क्रिकेट

एशेज: ऐसा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बने स्टीव स्मिथ, चौथा टेस्ट ड्रॉ पर छूटा

स्टीव स्मिथ ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए चौथा टेस्ट ड्रॉ करा दिया। मैच में स्मिथ ने कई खास रिकॉर्ड भी बनाए।
2 min read
• •
Updated: 30 Dec 2017, 3:01 PM IST
smith

नई दिल्ली। इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज का चौथा मैच ड्रॉ पर छूटा। मैच में तीन दिन तक हावी रहने वाली इंग्लैंड की टीम एक समय जीत के आगे बढ़ती दिख रही थी। लेकिन बारिश और स्टीव स्मिथ की कप्तानी पारी के दम पर आस्ट्रेलिया इस मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही। मैच के पांचवे दिन कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने नाबाद रहते हुए 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। स्मिथ के 23वें टेस्ट शतक की बदौलत मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया यह मैच ड्रॉ रहा। ड्रॉ के समय कंगारू टीम का स्कोर 263 रन पर 4 विकेट रहा। स्मिथ ने इस पूरे सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए कई विराट रिकॉर्ड भी कायम किए।

ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर बने स्मिथ
चौथे टेस्ट में कुल 178 रन बनाने वाले स्टीव स्मिथ ने साल 2017 का अंत 1305 टेस्ट रन के साथ किया। स्मिथ ने ये रन 76.76 की औसत के बनाए। 70 से ज्यादा की औसत के साथ रन बनाने वाले स्मिथ दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर बने, जिन्होंने लगातार चार साल तक 70 से अधिक की औसत से 1000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाए हो।

पिछले चार साल में स्मिथ की बल्लेबाजी
मौजूदा दौर में विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने पिछले चार साल में 5004 टेस्ट रन बनाए। खास बात यह रही है कि इस दौरान प्रत्येक साल स्मिथ के बल्ले से 1000 से ज्यादा रन निकले है। स्मिथ ने साल 2014 81.85 की औसत के साथ 1146 रन, साल 2015 में 73.70 की औसत के साथ 1474 रन, साल 2016 में 71.93 की औसत से 1079 रन और साल 2017 में 76.76 की औसत से 1305 रन का स्कोर किया। बता दें कि स्मिथ टेस्ट रैंकिग में भी नंबर वन पर कायम है।

साल 2017 के टॉप स्कोरर हैं स्टीव स्मिथ
स्टीव स्मिथ ने इस साल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है। स्मिथ ने इस साल 1305 टेस्ट रन बनाए हैं। उनसे पीछे भारत के चेतेश्वर पुजारा , साउथ अफ्रीका के डीन एल्गर और भारतीय कप्तान विराट कोहली रहे हैं।

बतौर कप्तान भी खूब बोला है स्मिथ का बल्ला
कई बार यह देखा जाता है कि कप्तानी की भार में बल्लेबाजी की लय बिगड़ जाती है। लेकिन स्टिव स्मिथ इस मामले में अपवाद है। वे अपनी बल्लेबाजी से न केवल टीम को मजबूती प्रदान करते है बल्कि साथी बल्लेबाजी को भी प्रेरित करते है। चौथे टेस्ट में शतक लगाने के साथ ही स्मिथ बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की फेहरिस्त में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। स्मिथ का यह बतौर कप्तान 15वां टेस्ट शतक था। उनसे ज्यादा कप्तान रहते हुए शतक लगाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (25) और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज रिकी पोंटिंग (19) के नाम पर दर्ज हैं।

Published on: