क्रिकेट

IPL 2026 में लगातार 4 हार के दौरान कैसा था MI के ड्रेसिंग रूम का हाल? GT को हराने के बाद अश्विनी कुमार का बड़ा खुलासा

अश्विनी कुमार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत में जबरदस्‍त गेंदबाजी प्रदर्शन करने के बाद खुलासा किया है कि IPL 2026 के इस सीजन में लगातार हार के बावजूद मुंबई इंडियंस का ड्रेसिंग रूम कैसे पॉजिटिव बना रहा।

2 min read
Apr 21, 2026
मुंबई इंडियंस के युवा तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस ने केकेआर के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया था। बड़े नामों वाली इस टीम को टूर्नामेंट की शुरुआत में सबसे बड़ी दावेदार माना जा रहा था, लेकिन लगातार हार के बाद सवाल उठने शुरू हो गए। अब लगातार चार हार के बाद एमआई ने जोरदार वापसी की और गुजरात टाइटंस को 99 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। जबकि इस मैच में उसका टॉप-ऑर्डर लड़खड़ा गया था, लेकिन तिलक वर्मा के जबरदस्‍त शतक ने टीम को संकट से उबार लिया। गेंदबाजी में 'इम्पैक्ट प्लेयर' अश्विनी कुमार सबसे ज्‍यादा चमके, जिन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अश्विनी ने इस बात का भी खुलासा किया कि लगातार 4 हार के दौरान मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसा था?

एमआई के कप्‍तान हार्दिक पंड्या भले ही अपने फैसलों को लेकर लगातार आलोचकों के निशाने पर रहे हैं। इतना ही नहीं वह अब तक बतौर खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाए हैं। लेकिन, इस मुश्किल दौर में टीम के ड्रेसिंग रूम को एकजुट रखने में उन्होंने काफी अच्छा काम किया है।

ये भी पढ़ें

पहला शतक हमेशा… IPL में इतिहास रचने के बाद तिलक वर्मा का दिल जीतने वाला बयान

'हम जीतें या हारें, सिर्फ पॉजिटिव बातें ही होती थीं'

अश्विनी से जब लगातार हार के दौरान ड्रेसिंग रूम के माहौल के बारे में सवाल किया गया तो उन्‍होंने कहा कि माहौल बहुत अच्छा था और वहां कोई नेगेटिव बात नहीं थी। हमारे ड्रेसिंग रूम में सिर्फ पॉजिटिव बातें ही होती थीं। चाहे हम जीतें या हारें, सिर्फ पॉजिटिव बातें ही होती थीं। इसलिए, उस समय भी माहौल बहुत अच्छा था। तिलक ने बहुत अच्छा खेला। हमें पता था कि हम अच्छा स्कोर करेंगे।

शुभमन गिल के साथ इन बल्‍लेबाजों का किया शिकार

अश्विनी ने जीटी के बल्लेबाजों के लिए अपनी रणनीति के बारे में भी खुलकर बात की। अपना पहला मैच खेलते हुए उन्‍होंने काफी शानदार गेंदबाजी करते हुए शुभमन गिल, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान और राशिद खान जैसे बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। अश्विनी ने बताया कि उन्होंने हार्दिक के साथ मिलकर रणनीति बनाने पर चर्चा की थी और उन्हें जैसा निर्देश दिया गया था, उन्होंने ठीक वैसा ही करने का प्रयास किया।

'पिच को समझना होता है और उसी हिसाब से खुद को ढालना होता है'

उन्होंने कहा कि मैंने बल्लेबाजों का पहले से ही अध्ययन कर लिया था और मुझे पता था कि वे किस तरह खेलते हैं, लेकिन जब मैं मैदान पर उतरा और देखा कि पिच की क्या मांग है, तो मैंने कप्तान से सलाह लेकर अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव किया। हमारी शुरुआत से ही एक योजना थी, लेकिन मैच के दौरान आपको पिच को समझना होता है और उसी के हिसाब से खुद को ढालना होता है।

आखिरी से सीधे 7वें पायदान पर पहुंची मुंबई

आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस 10वें से 7वें पायदान पर पहुंच गई है। एमआई ने अभी तक 6 मैचों में 2 जीत हासिल की हैं। हालांकि, अगर इस फ्रेंचाइजी को टॉप 4 दावेदारों में गिना जाना है, तो उसे अभी भी लंबा सफर तय करना है और कई समस्याओं को ठीक करना है।

ये भी पढ़ें

GT vs MI: हम नहीं कर पाए… हार के बाद फूटा कप्तान शुभमन गिल का गुस्‍सा, इन प्लेयर्स के सिर फोड़ा ठीकरा
Published on:
21 Apr 2026 09:23 am
Also Read
View All