क्रिकेट

IND vs Oman: ओमान के खिलाफ भारत ने गंवाए 8 विकेट, संजू सैमसन ने जड़ा अर्धशतक तो अभिषेक ने फिर मचाया गदर

India vs Oman: एशिया कप 2025 के 12वें मुकाबले में ओमान के सामने टीम इंडिया ने 189 रन का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए संजू सैमसन ने अर्धशतकीय पारी खेली।
2 min read
Sep 19, 2025
IND vs Oman
एशिया कप 2025 भारत बनाम ओमान (फोटो- BCCI)

Asia Cup 2025, IND vs Oman: एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है, जहां भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 188 रन बनाए हैं। ओमान को मैच जीतने के लिए 189 रन बनाने होंगे। भारत के लिए संजू सैमसन ने अर्धशतकीय पारी खेली तो अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर तेज तर्रार शुरुआत की लेकिन 38 रन बनाकर आउट हो गए।

अभिषेक शर्मा ने मचाया गदर

सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा ने फिर से टीम को तूफानी शुरुआत दी, तो दूसरी ओर शुभमन गिल दूसरे मैच में भी फ्लॉप रहे और 8 गेंद खेलने के बाद 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बैटिंग ऑर्डर में बदलाव हुआ और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को वनडाउन पर भेजा गया। दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। हार्दिक पंड्या दुर्भाग्यशाली रहे और 1 रन बनाकर रनआउट हो गए।

हालांकि संजू सैमसन ने एक छोर संभाल कर रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। उससे पहले अक्षर पटेल 13 गेंदों में 26 रन और शिवम दुबे 8 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हो गए। 18वें ओवर में संजू सैमसन 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 45 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। 19वें ओवर में तिलक वर्मा 18 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। 20 ओवर बाद भारतीय टीम ने 20 ओवर में 189 रन बनाए और 8 विकेट गंवा दिए।

सैमसन की पारी पर उठेंगे सवाल

संजू सैमसन ने अर्धशतक जरूर लगाया लेकिन उनकी धीमी पारी सवालों के घेरे में आ गई। ओमान जैसी टीम के खिलाफ इतनी धीमी पारी संजू के बैटिंग पर सवाल खड़े करती है। ओमान की ओर से शाह फैजल ने भारतीय बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा परेशान किया और 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा जितेन रामनंदी और आमिर कलीम ने भी 2-2 विकेट हासिल किए।