क्रिकेट

SL-W vs MLY-W, Asian Games 2026: मलेशिया को 86 रन से रौंद श्रीलंका ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

Malaysia Women vs Sri Lanka Women: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब श्रीलंका का सामना 20 सितंबर को पाकिस्तान से होगा।
2 min read
Sep 18, 2026
chamari athapaththu in Asian Games 2026
श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू। (Photo- IANS)

Asian Games 2026 Women’s Cricket: एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला मलेशिया और श्रीलंका के बीच खेला गया। जापान स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रन से हराया। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना 20 सितंबर को पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में थाइलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

चमारी अट्टापट्टू का अर्धशतक

श्रीलंका ने मलेशिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान चमारी अट्टापट्टू के शानदार अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 160 रन बनाए। चमारी अट्टापट्टू ने 37 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से शानदार 63 रन बनाए। कप्तान के अलावा श्रीलंका की अन्य खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। कविशा दिलहारी ने 27 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। हसिनी परेरा ने 23 रन बनाए, जबकि हर्षिता समरविक्रमा ने 18 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 25 रन बनाए। मलेशिया के लिए नूरीन इमानिना सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 7.20 रही।

मलेशिया 74 रन पर सिमटा

श्रीलंका से मिले 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से उसकी स्थिति और खराब होती गई। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विनीफ्रेड दुरैसिंगम और माहिरा इज्जती इस्माइल ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सकीं। विनीफ्रेड दुरैसिंगम ने 28 रन बनाए, जबकि माहिरा इज्जती इस्माइल ने 24 रन की पारी खेली। मलेशिया की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 74 रन ही बना सकी। इस तरह श्रीलंका ने 86 रन से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। श्रीलंका की ओर से मिथाली अयोध्या, कविशा दिलहारी और कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 2-2 विकेट लिए।

दिलचस्प होगी श्रीलंका-पाकिस्तान की भिड़ंत

हाल ही में संपन्न महिला टी-20 एशिया कप के सेमीफाइनल में भी पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने थीं। उस मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। ऐसे में एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच होने वाली भिड़ंत बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

Updated on:
18 Sept 2026 11:05 am
Published on:
18 Sept 2026 11:02 am