
BAN vs HK Match Highlights: अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार 11 सितंबर को एशिया कप 2025 का तीसरा मुकाबला हांगकांग और बांग्लादेश के बीच खेला गया। इस मैच में हांगकांग को बांग्लादेश के हाथों सात विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। ये टूर्नामेंट हांगकांग टीम की लगातार दूसरी हार है। इस मैच में हांगकांग ने निर्धारित 20 ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर सिर्फ 143 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश ने तीन विकेट के नुकसान पर 2.2 ओवर शेष रहते आसान जीत दर्ज की। इस जीत के बाद हांगकांग टीम के कप्तान यासिम मुर्तज़ा बेहद निराश नजर आए। उन्होंने इस हार का ठीकरा अपने बल्लेबाजों के सिर फोड़ा।
मैच के बाद हांगकांग के कप्तान यासिम मुर्तज़ा अपना दर्द छिपाते नजर आए। इस हार के लिए उन्होंने बातों ही बातों में अपने बल्लेबाजों को हार का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सच कहूं तो मैं बल्लेबाज़ों से खुश हूं, लेकिन अगर उनमें से कोई 60-70+ रन बनाकर बड़ा स्कोर बनाता तो मुझे और भी खुशी होती। मुझे लगता है कि हमें पता है कि हमें किन चीजों पर काम करना है।
एशिया कप 2025 से हांगकांग टीम के बाहर होने पर कप्तान मुर्तज़ा ने कहा कि उम्मीद है कि अगली बार हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे। हमने अफगानिस्तान के खिलाफ बहुत सारे मुफ़्त के मौके दिए थे। लेकिन, आज हम एक योजना के साथ उतरे और उसे बेहतर तरीके से लागू किया। हालांकि, लिटन दास और दूसरे बल्लेबाज ने अच्छी साझेदारी की। बता दें कि हांगकांग लगातार दूसरी हार के बाद एशिया कप 2025 की पॉइंट्स टेबल में अपने ग्रुप बी बिना खाता खोले -2.889 अंकों के साथ आखिरी पायदान पर है।
बता दें बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास और तौहीद हृदोय के बीच तीसरे विकेट के लिए 95 रन की पार्टनरशिप ने जीत की नींव रखी। लिटन की सही समय पर तेजी से रन बटोरते हुए बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में बनाए रखा। उन्होंने महज 39 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के के साथ 59 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं तौहीद ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंद पर एक चौके की मदद से 35 रन बनाए।