क्रिकेट

ZIM vs BAN: ऑस्ट्रेलिया को सीरीज हराने वाली बांग्लादेश नहीं चेज़ कर पाई 142 का लक्ष्य, जिम्बाब्वे ने 25 रन से हराया

ऑस्ट्रेलिया को घरेलू सीरीज में हराने वाली बांग्लादेश जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मैच में हार गई है। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36.4 ओवर में 141 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम 33.1 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
2 min read
Jul 06, 2026
ZIM vs BAN
'लो स्कोरिंग' मैच में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 25 रन से हराया (photo - IANS)

Zimbabwe vs Bangladesh, 1st ODI: जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में 25 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। सोमवार को हरारे में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम महज 36.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई। इस टीम को 36 के स्कोर पर बेन करन (18) के रूप में पहला झटका लगा। इसी स्कोर पर ब्रायन बेनेट (17) भी चलते बने।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी लड़खड़ाई

7 ओवरों में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि टीम ने 70 के स्कोर तक अपने 8 विकेट खो दिए थे। यहां से रिचर्ड नगारवा ने न्यूमैन न्याम्हुरी के साथ 9वें विकेट के लिए 81 गेंदों में 63 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

नाहिद राणा ने झटके छह विकेट

न्यूमैन न्याम्हुरी ने 5 चौकों के साथ 33 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान रिचर्ड नगारवा ने 27 रन जुटाए। इनके अलावा, इनोसेंट काइया ने 26 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने 10 ओवरों में 21 रन देकर 6 विकेट निकाले। इनके अलावा, तस्कीन अहमद ने 2 विकेट हासिल किए। एक विकेट मेहदी हसन के हाथ लगा।

बांग्लादेशी की टीम 116 पर सिमटी

इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 33.1 ओवरों में 116 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 17 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से तौहीद हिरदॉय ने नुरुल हसन के साथ चौथे विकेट के लिए 88 गेंदों में 49 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखर गई।

रिचर्ड नगारवा और ब्रेड इवांस की घातक गेंदबाजी

तौहीद 1 चौके के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नुरुल ने 44 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 31 रन की पारी खेली। कप्तान मेहदी हसन ने 10 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। मेजबान टीम की तरफ से रिचर्ड नगारवा और ब्रेड इवांस ने 3-3 विकेट निकाले। ब्लेसिंग मुजरबानी और न्यूमैन न्याम्हुरी ने 1-1 शिकार किया।

जिम्ब्बावे ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच पारी और 85 रन से अपने नाम किया था। अब वनडे सीरीज के शेष मुकाबले 9 और 11 जुलाई को इसी मैदान पर खेले जाने हैं, जिसके बाद 15-19 जुलाई के बीच तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज का आयोजन होगा।

Updated on:
06 Jul 2026 09:43 pm
Published on:
06 Jul 2026 09:43 pm