क्रिकेट

Dream11 बना IPL 2020 का आधिकारिक स्पांसर, BCCI ने 2021 और 2022 का नहीं दिया करार

Dream11 को बुधवार का दिन खुशी और गम दोनों दे गया। BCCI ने IPL 2020 के लिए उसकी बोली स्वीकार कर ली, लेकिन 2021 और 2022 के लिए अस्वीकार कर दिया।
2 min read
bcci_accept_dream11_as_a_title_sponsor_of_ipl_2020.jpg
bcci accept dream11 as a title sponsor of ipl 2020

नई दिल्ली : आईपीएल 2020 (IPL 2020) का टाइटल स्पांसर (Title Sponsor) बनने के बाद ड्रीम इलेवन (Dream11) की कोशिश यह थी कि उसे वीवो के पांच साल में से बचे दो और साल 2021 और 2022 का करार भी भी मिल जाए, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को यह घोषणा कर कि ड्रीम इलेवन सिर्फ आईपीएल 2020 का ही टाइटिल स्पॉन्सर होगा, उसकी उम्मीदों को हल्का झटका दिया है।

हालांकि ड्रीम इलेवन को बुधवार का दिन खुशी और गम दोनों दे गया। बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के लिए आधिकारिक रूप से उसकी बोली स्वीकार कर ली और इसकी औपचारिक घोषणा कर दी कि आईपीएल 2020 का टाइटल स्पांसर ड्रीम इलेवन होगा।

वीवो हट गया है इस साल के टाइटल प्रायोजक से

चीन की मोबाइल कंपनी वीवो ने उस समय आईपीएल 2020 के टाइटल स्पांसर से अपना हाथ खींच लिया, जब भारत से चीन के चल रहे सीमा विवाद के कारण वीवो का आईपीएल का स्पांसर बने रहने पर देशव्यापी विरोध शुरू हो गया। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़ी स्वदेशी जागरण मंच ने भी इसका जबरदस्त विरोध जताया था।

बोर्ड ने ड्रीम11 की तीन साल की बोली नहीं की स्वीकार

फैंटसी गेमिंग से जुड़ी कंपनी ड्रीम11 अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने वाली आईपीएल 2020 की आधिकारिक रूप से टाइटल स्पांसर हो गई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने उसे सिर्फ इस सीजन के लिए ही टाइटल स्पांसर बनाया है। ड्रीम इलेवान की तीन साल की बोली को बोर्ड ने अस्वीकार कर दिया। बीसीसीआई के ताजा करार के मुताबिक, ड्रीम11 का आईपीएल के साथ चार महीने 13 दिन का होगा। ड्रीम11 ने यह करार बायजू और अनएकडेमी को पछाड़ते हुए हासिल की है।

इस कारण नहीं हो पाई डील पक्की

वीवो के साथ आईपीएल का जो पांच साल का करार था, उसके मुताबिक बोर्ड को पांच साल तक हर साल करीब 440 करोड़ रुपए मिलने हैं, जबकि आईपीएल 2020 के लिए ड्रीम इलेवन ने जो बोली लगाई है वह 222 करोड़ की है और साल 2021 और 2022 के लिए भी इतनी ही बोली लगा रहा था। इस हिसाब से बोर्ड अगर ड्रीम11 का यह करार स्वीकार कर लेता तो उसे हर साल करीब 220 करोड़ रुपए कम मिलते। बोर्ड का मानना था कि कोरोना काल और भारत-चीन विवाद के कारण आईपीएल 2020 के लिए तो यह रकम ठीक है, लेकिन 2021 और 2022 के लिए कंपनी को इसे बढ़ाना होगा। लेकिन ड्रीम11 इसके लिए तैयार नहीं थी। इसलिए सिर्फ इसी साल के लिए उसे करार मिला।

बृजेश पटेल ने किया स्वागत

आईपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने कहा कि टाइटल स्पांसर के तौर पर हम आईपीएल 2020 के लिए ड्रीम इलेवन का स्वागत करते हैं। ड्रीम इलेवन ने आधिकारिक साझीदार से शीर्ष प्रायोजक के तौर पर अपने रिश्ते को और मजबूत किया है। बता दें कि ड्रीम इलेवन एक फैंटसी स्पोर्ट्स ब्रांड है। आईपीएल फैन के साथ साझेदारी बहुत तेजी से बढ़ती जा रही है। हम ड्रीम इलेवन के साथ बेहतर चीजों की उम्मीद कर रहे हैं।

Updated on:
19 Aug 2020 09:00 pm
Published on:
19 Aug 2020 08:52 pm