क्रिकेट

BCCI Meeting: अफगानिस्तान दौरे से पहले BCCI ने अचानक बुलाई मीटिंग, गौतम गंभीर-अजीत अगरकर से होगी पूछताछ

IND vs AFG T20 Series 2026: अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम के ऐलान के बाद बीसीसीआई ने 3 सितंबर को अहम बैठक बुलाई है। अजीत अगरकर, गौतम गंभीर और VSS लक्ष्मण इस बैठक में टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन, खिलाड़ियों की चोट और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
2 min read
Sep 02, 2026
india squad for afghanistan t20is, Gautam Gambhir, Ajit Agarkar,
चीफ सेलेक्‍टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/cricsam02)

BCCI Meeting With Gautam Gambhir-Ajit Agarkar: अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम के ऐलान के अगले दिन ही बीसीसीआई ने अचानक मीटिंग बुला ली है। 3 सितंबर को बीसीसीआई के टॉप अधिकारी अजीत अगरकर, गौतम गंभीर और VVS लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे। इस दौरान हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टी20 सीरीज में शर्मनाक हार को लेकर चर्चा होगी। गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच हैं, वहीं अजीत अगरकर चयन समिति के अध्यक्ष हैं और VVS लक्ष्मण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख हैं।

वनडे सीरीज के बाद होने वाली थी मीटिंग

इन तीनों का भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सीधा असर पड़ता है। यही वजह है कि अफगानिस्तान सीरीज से पहले बीसीसीआई यह मुलाकात करना चाह रहा है। यह मीटिंग पहले इंग्लैंड में खत्म हुई वनडे सीरीज के तुरंत बाद होने वाली थी, लेकिन किसी वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने यह मीटिंग अब 3 सितंबर को बुलाई है, जहां और भी बड़ी चीजों पर चर्चा होगी।

खिलाड़ियों की चोट पर भी होगी चर्चा

इस दौरान लगातार टीम इंडिया में बढ़ रही चोट की भी चर्चा होगी। आपको बता दें कि मंगलवार को टी20 के चयनकर्ताओं ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया और इस टीम में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिनकी फिटनेस पर सवाल है। इनमें नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं।

आपको बता दें कि आने वाले दिनों में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी है, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके अलावा भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलनी है और वनडे कप 2027 की तैयारी भी करनी है। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता है और चयनकर्ताओं, कोचिंग स्टाफ और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच अच्छा कोऑर्डिनेशन स्थापित करना चाहता है।

अगरकर की हो सकती है छुट्टी

आपको बता दें कि हाल ही में जब टीम इंडिया के कई खिलाड़ी चोटिल हुए तो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर सवाल उठे और बाद में उसे टीम के चयनकर्ताओं पर डाल दिया गया, जिसमें कहा गया था कि टीम सेलेक्ट करने से पहले CoE से कोई बातचीत नहीं की जाती है। इसके अलावा अजीत अगरकर का कार्यकाल इस महीने के बाद खत्म हो रहा है, तो इस पर अपडेट आ सकता है कि वह उनका कार्यकाल फिर बढ़ाया जाता है या कोई और चीफ सेलेक्टर की कुर्सी पर बैठेगा?

Updated on:
02 Sept 2026 01:05 pm
Published on:
02 Sept 2026 12:49 pm