क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के बाद BCCI ने शेयर किया पोस्ट, अगरकर बोले – आसान नहीं, लेकीन यही सही फैसला

कप्तानी से हटाए जाने के बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूर्यकुमार की तस्वीर शेयर करते हुए उनके कार्यकाल को यादगार बताया।

2 min read
Jun 06, 2026
Suryakumar yadav
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव (Photo - IANS)

Suryakumar Yadav, Indian T20 Team: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम का कप्तान श्रेयस अय्यर को चुना गया है। वहीं नियमित कप्तान सूर्यकुमार यादव को न केवल कप्तानी से हटा दिया गया है, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया है।

सूर्यकुमार यादव का बल्ला खामोश

पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव का बल्ला हाल ही में खामोश रहा। टी20 विश्व कप 2026 और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिसके बाद बीसीसीआई को यह फैसला लेना पड़ा।

बीसीसीआई ने शेयर किया पोस्ट

कप्तानी से हटाए जाने के बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूर्यकुमार की तस्वीर शेयर करते हुए उनके कार्यकाल को यादगार बताया। पोस्ट में लिखा गया, “लीडरशिप का बेहतरीन उदाहरण। टीम इंडिया के टी20 कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल वाकई यादगार रहा, जो आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में ऐतिहासिक जीत के साथ समाप्त हुआ।”

अगरकर ने बताया उन्हें क्यों हटाया

इस फैसले पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में हमने श्रेयस अय्यर की कप्तानी को करीब से देखा है। उन्होंने विभिन्न फ्रेंचाइज़ी टीमों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। हाल ही में उन्होंने अपनी टीम को खिताब जिताया और व्यक्तिगत प्रदर्शन भी शानदार रहा।”

अगरकर ने आगे कहा, “श्रेयस विश्व कप टीम में शामिल होने के बेहद करीब थे और मेरी नजर में कप्तानी के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक रहे हैं। सूर्यकुमार यादव (स्काई) के मामले में यह फैसला लेना आसान नहीं था। उनकी मौजूदा फॉर्म भी इस फैसले का एक कारण रही।”

उन्होंने कहा, “हमने अगले दो साल के चक्र और टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। हमें लगा कि आगे बढ़ने के लिए यही सही समय और सही रास्ता है। श्रेयस इस जिम्मेदारी के पूरी तरह हकदार हैं।”

Published on:
06 Jun 2026 04:56 pm
Also Read
View All