क्रिकेट

Ben Stokes Retirement: कोच को कानों-कान खबर नहीं और ले लिया संन्यास, बेन स्टोक्स ने ब्रेंडन मैकुलम को सबसे आखिरी में क्यों बताया?

Ben Stokes Retirement: बेन स्टोक्स ने संन्यास का फैसला कोच ब्रेंडन मैकुलम को सबसे आखिरी में क्यों बताया? जानिए स्टोक्स के संन्यास की इनसाइड स्टोरी और द ओवल मैच के बाद अगला कप्तान कौन होगा।
2 min read
Jun 30, 2026
Ben Stokes Retirement News, Brendon McCullum Ben Stokes, Harry Brook England Test Captain, Ben Stokes Last Test Oval,
बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकुलम (Photo - IANS)

Ben Stokes Retirement: इंग्लैंड क्रिकेट जगत से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। इंग्लिश टेस्ट क्रिकेट को अपनी 'बैजबॉल' रणनीति से बदलने वाले बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकुलम की ऐतिहासिक जोड़ी का अचानक अंत हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स (The Guardian) के मुताबिक, बेन स्टोक्स ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया, तो इसकी भनक कोच मैकुलम को सबसे आखिरी में लगी।

कोच को सबसे बाद में बताया, मनाने की कोशिश भी फेल

स्टोक्स ने संन्यास का फैसला शनिवार रात को ही अपने उपकप्तान हैरी ब्रुक और करीबी दोस्त जो रूट को बता दिया था। लेकिन कोच मैकुलम को रविवार सुबह मैच शुरू होने के कुछ मिनट पहले ही पता चला। जब मैकुलम ने स्टोक्स को रोकने और अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश की, तो स्टोक्स ने साफ कह दिया, 'बैज, मैं अब बस कर चुका हूं (I'm done)।'

यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि कुछ हफ्ते पहले ही नाइट क्लब विवाद के चलते स्टोक्स को दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने आखिरी टेस्ट में वापसी की थी। लंदन के ऐतिहासिक द ओवल (The Oval) मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे मैच के बीच में ही उन्होंने संन्यास का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया।

अगले साल एशेज में वापसी?

स्टोक्स अभी घरेलू क्रिकेट और दुनिया भर की टी20 लीग खेलते रहेंगे। ऐसे में पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि अगले साल होने वाली एशेज सीरीज में स्टोक्स वापसी कर सकते हैं। हालांकि, स्टोक्स ने बीबीसी से कहा कि उनका यह फैसला आखिरी है और वह इससे बहुत खुश हैं।

हैरी ब्रुक को बताया अगला कप्तान

संन्यास के बाद बेन स्टोक्स ने हैरी ब्रुक को इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान बनाने का पूरा समर्थन किया है। ब्रुक पहले से ही वनडे और टी20 के कप्तान हैं। हालांकि, स्टोक्स की गैरमौजूदगी में पिछले मैच में जो रूट को कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन स्टोक्स ने साफ किया कि उस फैसले में उनका कोई हाथ नहीं था। स्टोक्स ने कहा कि उपकप्तान होने के नाते ब्रुक को ही अगला कप्तान बनना चाहिए और उनके पास टीम को संभालने की पूरी काबिलियत है।

बेन स्टोक्स का शानदार करियर रिकॉर्ड

स्टोक्स दुनिया के महानतम ऑलराउंडरों में शामिल रहेंगे। उन्होंने अपने करियर में 122 टेस्ट मैचों में 7,273 रन (14 शतक, औसत 34.47) बनाए हैं। और गेंदबाजी करते हुए 252 विकेट झटके हैं। वे जैक कैलिस के बाद टेस्ट इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम 7000 से ज्यादा रन और 250 से ज्यादा विकेट दर्ज हैं।

Updated on:
30 Jun 2026 04:58 pm
Published on:
30 Jun 2026 04:39 pm