क्रिकेट

SL vs WI: मुझे ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए, मैं सबसे खराब कप्तान हूं’, वेस्ट इंडीज से बुरी तरह हारने के बाद छलका श्रीलंका की चमारी अथापथु का दर्द

Chamari Athapaththu Statement: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज से हार के बाद श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु भावुक हो गईं। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच के बाद उन्होंने खुद को कप्तान के तौर पर असफल बताया।

2 min read
Jun 22, 2026
Chamari Athapaththu, Chamari Athapaththu Statement, Sri Lanka Women Team, Women's T20 World Cup 2026, Sri Lanka vs West Indies Women,
श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु (Photo - ESPN)

Chamari Athapaththu Statement: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली हार के बाद श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु का दर्द खुलकर सामने आया। मैच खतम होने के बाद उन्होंने कहा कि 18 साल के इंटरनेशनल करियर में वह अपनी टीम को कभी वर्ल्ड कप के सेमीफइनल तक नहीं पहुंचा सकीं और इस वजह से वह खुद को कप्तान के तौर पर असफल मानती हैं।

मैच के बाद छलका कप्तान का दर्द

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को वेस्टइंडीज के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद श्रीलंका की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। टीम के तीन मैचों में सिर्फ दो अंक हैं और वह ग्रुप बी में पांचवें स्थान पर है।

मैच के बाद अथापथु काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि नेशनल टीम के लिए 18 साल खेलने के बावजूद वह कभी टीम को वर्ल्ड कप के अंतिम चार तक नहीं पहुंचा सकीं। उनके मुताबिक व्यक्तिगत उपलब्धियां काफी हैं, लेकिन टीम को बड़ी सफलता न दिला पाने का दर्द सबसे बड़ा है।

कप्तान का खेल बदल देता श्रीलंका की किस्मत

इस मुकाबले में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले तीन ओवर में ही तीन विकेट सिर्फ 9 रन पर गंवा दिए थे। अथापथु भी जल्दी आउट हो गईं। श्रीलंका की पूरी टीम 98 रन पर सिमट गई। जवाब में वेस्टइंडीज ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

अथापथु ने हार की जिम्मेदारी भी अपने ऊपर ली। उन्होंने माना कि कप्तान और सबसे अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। उनका मानना है कि अगर वह कुछ देर और टिक जातीं तो मैच का नतीजा अलग हो सकता था।

फिट रहेंगी, तो आगे खेलेंगी

36 वर्षीय अथापथु ने भविष्य को लेकर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आगे खेलना है या नहीं, यह उनकी फिटनेस और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। यदि टीम को उनकी जरूरत होगी और वह फिट रहेंगी तो खेलना जारी रखेंगी।

बता दें, श्रीलंका ने 2009 के बाद से किसी भी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाई है।