CSK vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव किए हैं।
Chennai Super Kings vs Delhi Capitals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 18वां मुकाबला पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जा रहा है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले जा रहे इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
दिल्ली कैपियल्स ने अपने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। विपराज निगम की जगह पर आकिब नबी डार आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं, जबकि नीतीश राणा के स्थान पर आशुतोष शर्मा को टीम में जगह दी गई है। टॉस जीतने के बाद अक्षर पटेल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे, क्योंकि पिच अच्छी लग रही है और जो भी स्कोर बनेगा हम उसका पीछा करना पसंद करेंगे। आईपीएल एक लंबा टूर्नामेंट है और ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत ही सुकून भरा है। हमारी चर्चा इस बात पर केंद्रित रही है कि हम किन चीजों को नियंत्रित कर सकते हैं। एक बार जब हम किसी खास मुकाम पर पहुंच जाते हैं तो फिर चीजों के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती। हमारी सोच यही रही है कि जो हमारे हाथ में है, उसे ही नियंत्रित करें। विपराज की जगह आकिब नबी आए हैं, और नीतीश राणा की जगह आशुतोष शर्मा खेल रहे हैं।"
चेन्नई सुपर किंग्स भी इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ उतरी है। डेवाल्ड ब्रेविस पूरी तरह से फिट होने के बाद टीम में लौट आए हैं। वहीं, मैट हेनरी की जगह पर गुरजपनीत सिंह को मौका दिया गया है। टॉस गंवाने के बाद ऋतुराज ने कहा, "पिच थोड़ी सूखी लग रही है। टॉस को लेकर हम असल में 50-50 की स्थिति में थे, लेकिन खुद पर भरोसा रखना अच्छी बात है। हमारा लक्ष्य आज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना, पहली जीत हासिल करना और प्वाइंट्स टेबल में जगह बनाना है। पिछले कुछ मुकाबलों से हम यही करने की कोशिश कर रहे हैं। ब्रेविस का वापस आना बहुत अच्छा है, वह उत्साहित और तैयार है। हमने मैट हेनरी की जगह गुरजपनीत सिंह को भी टीम में शामिल किया है, जो हाल ही में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। जो लोग एमएस धोनी के बारे में पूछ रहे हैं तो वे होटल में हैं और हमें देख रहे हैं तथा हमारा समर्थन कर रहे हैं।"
चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने इस सीजन खेले सभी 3 मुकाबलों में हार का सामना किया है। सीएसके के बल्लेबाजों ने तो दमखम दिखाया है, लेकिन टीम का गेंदबाजी अटैक काफी कमजोर दिखाई दिया है। खलील अहमद, मैट हेनरी और अंशुल कंबोज की तिकड़ी अब तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी है।
दूसरी ओर, अक्षर पटेल की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन अब तक खेले 3 मुकाबलों में से 2 जीते हैं, जबकि आखिरी मुकाबले में टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ केएल राहुल ने 92 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, डेविड मिलर ने भी नाबाद 41 रन बनाए थे। गेंदबाजी में मुकेश कुमार, लुंगी एनगिडी की जोड़ी असरदार नजर आई है। वहीं, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव भी बीच के ओवरों में रन रोकने में सफल रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजापनीत सिंह।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी।
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: विपराज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, नीतीश राणा।