
क्रिकेट की लोकप्रियता अब दुनिया के नए देशों में भी बढ़ रही है। इसी कड़ी में अब चीन में भी क्रिकेट को बढ़ावा देने की तैयारी है। चीन में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 लीग का आयोजन होने जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2027 में आठ टीमों वाली लीजेंड्स टी-20 लीग की शुरुआत होगी। इस लीग के मुकाबले शंघाई में खेले जाने की संभावना है। इसके आयोजन की जिम्मेदारी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट (डब्ल्यूसीसी) और डोंग्यूहुई स्पोर्ट्स मिलकर संभालेंगे। आयोजकों का दावा है कि इस लीग में दुनियाभर के कई दिग्गज क्रिकेटर खेलते नजर आएंगे।
चीन में क्रिकेट लीग शुरू करने की इस महत्वाकांक्षी योजना की नींव अक्टूबर 2026 में रखी गई थी। उस समय डब्ल्यूसीसी और डोंग्यूहुई स्पोर्ट्स के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए थे। इस समझौते पर डब्ल्यूसीसी के चेयरमैन प्रवीण शर्मा और डोंग्यूहुई स्पोर्ट्स के चेयरमैन योंगहुई टोंग ने हस्ताक्षर किए थे। डोंग्यूहुई स्पोर्ट्स, चीन के जियांग्सू प्रांत के ताइचांग स्थित शाक्सी टाउन क्रिकेट सेंटर का संचालन करता है।
इस साझेदारी का मकसद केवल एक टी-20 लीग आयोजित करना नहीं है। इसके जरिए चीन में क्रिकेट के लिए नया बाजार तैयार करने की योजना है। आयोजक इस खेल को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन की पहचान क्रिकेट के नए केंद्र के रूप में बनाने की कोशिश की जाएगी।
डोंग्यूहुई स्पोर्ट्स के चेयरमैन योंगहुई टोंग ने कहा कि इस लीग से चीन के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। उन्हें दुनिया के बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिल सकता है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपना खेल बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
टोंग ने कहा कि उनका लक्ष्य चीन को बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही शाक्सी टाउन क्रिकेट सेंटर को देश में क्रिकेट के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करना भी उनकी योजना का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि डब्ल्यूसीसी के साथ साझेदारी से विश्व क्रिकेट के बड़े नामों को चीनी प्रशंसकों के सामने लाने का अवसर मिलेगा। इससे खेल के प्रति लोगों की रुचि बढ़ेगी और चीन में क्रिकेट के विकास को नई दिशा मिलेगी। मई 2027 में प्रस्तावित यह लीग चीन में क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है।