IND vs PAK, U19 Asia Cup 2026 Final: क्या इस बार टूटेगा फाइनल में हार का सिलसिला? ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत
IND U19 vs PAK U19 Asia Cup 2026 Final: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान से होगा। लगातार दो फाइनल में हार के बाद टीम इंडिया की नजर खिताब जीतने और पुराने हार के सिलसिले को तोड़ने पर होगी।
अंडर 19 एशिया कप के फाइनल में भारत vs पाकिस्तान। (Photo- X/@ACCMedia1)
U19 Asia Cup 2026 Final: अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें 14 नवंबर को खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। भारतीय टीम के सामने इस बार सिर्फ ट्रॉफी जीतने की चुनौती नहीं है, बल्कि उसे पिछले दो फाइनल की हार का सिलसिला भी तोड़ना है। ऐसे में यह मुकाबला युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम होगा। भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों ने खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया। अब फाइनल में उसका सामना डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान से होगा।
लगातार दो बार फाइनल में टूटा भारत का सपना
भारतीय अंडर-19 टीम का एशिया कप में शानदार रिकॉर्ड रहा है। टीम 8 बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुकी है। हालांकि, पिछले दो संस्करणों में उसे फाइनल में निराशा हाथ लगी। साल 2024 के फाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से हुआ था। इस मुकाबले में भारतीय टीम को 59 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2025 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में आमने-सामने हैं। भारत के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने और ट्रॉफी जीतने का मौका है।
पाकिस्तान के सामने होगी कड़ी चुनौती
पाकिस्तान की टीम मौजूदा चैंपियन है। मौजूदा संस्करण में भारतीय टीम को ग्रुप मैच में पाकिस्तान के हाथों 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों को फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम को अच्छा खेल दिखाना होगा।
भारत की युवा टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार खेल दिखाया था। अब खिलाड़ियों से फाइनल में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा खास होता है। ऐसे में फाइनल का रोमांच भी अलग होगा। भारतीय प्रशंसकों की नजरें युवा टीम पर रहेंगी। अब देखना होगा कि क्या टीम इंडिया इस बार पाकिस्तान को हराकर खिताब जीत पाती है और लगातार दो फाइनल की हार का सिलसिला तोड़ती है।
भारत ने कब-कब ट्रॉफी जीती
भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एशिया कप ट्रॉफी पर 8 बार (1989, 2003, 2012, 2013–14, 2016, 2018, 2019, 2021) कब्जा जमाया है, जबकि पाकिस्तान 2 बार (2012, 2025) ट्रॉफी अपने नाम की है। अफगानिस्तान ने एक बार खिताब 2017 में जीता था।