क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के दो सीनियर अधिकारी हाल ही में भारत आए थे जिससे यहां मैच आयोजित करने की संभावना पर चर्चा की जा सके। बीबीएल का मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा सकता है।
Big Bash League in India: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद अब भारतीय फैंस को ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) भी भारत में देखने को मिल सकती है। दरअसल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) अगले सीजन का पहला मुक़ाबला भारत में आयोजित करने पर विचार कर रहा है। 'सेन क्रिकेट' की रिपोर्ट के अनुसार, सीए की यह पहल व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत बीबीएल को भारतीय बाजार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सीए के दो वरिष्ठ अधिकारी बिजनेस ऑपरेशंस के प्रमुख फिल रिग्बी और कॉम्पिटिशन डेवलपमेंट एंड स्ट्रैटेजी की प्रमुख मार्गोट हार्ले, हाल ही में भारत आए थे। उन्होंने यहां मैच आयोजित करने की संभावनाओं, लॉजिस्टिक्स और अन्य व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।
बीबीएल का यह संभावित मैच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जा सकता है। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है कि शुरुआती बातचीत हो चुकी है, हालांकि प्रस्ताव अभी प्रारंभिक चरण में ही है। टीएनसीए ने मामले को बीसीसीआई के फैसले पर छोड़ दिया है, क्योंकि किसी विदेशी लीग के मैच को भारत में आयोजित करने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड की अनुमति आवश्यक होगी।
पर्थ स्कॉर्चर्स को इस मैच के लिए सबसे उपयुक्त टीम माना जा रहा है। इसका मुख्य कारण 'टाइमजोन' की समानता है, पर्थ और भारत के बीच सिर्फ ढाई घंटे का अंतर है, जिससे मैच का प्रसारण और दर्शकों के लिए समय सुविधाजनक रहता है। इसके अलावा, पश्चिम ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (WACA) अपनी फ्रेंचाइजी में भारतीय उद्योगपतियों से निवेश की संभावनाओं पर भी बातचीत कर रहा है।
यह कदम बीबीएल को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है, खासकर तब जब लीग की कम से कम दो फ्रेंचाइजियों की बिक्री की चर्चा चल रही है। अभी तक कोई फ्रेंचाइजी को आधिकारिक रूप से इस बारे में सूचित नहीं किया गया है, लेकिन क्लबों को सीए की इस महत्वाकांक्षा के बारे में जानकारी है।