क्रिकेट

तीसरा टी-20: बारिश न होने के लिए भगवान गणपति की शरण में पहुंचे क्रिकेट फैंस

तिरुवनंतपुरम में बारिश न हो इसके लिए क्रिकेट फैंस भगवान गणपति की शरण में पहुंच चुके हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2017, 3:13 PM IST
trample

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज के आखिरी मैच में बारिश होने की प्रबल आशंका व्यक्त की जा चुकी है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में साफ-साफ कहा गया है कि मंगलवार को वर्षा हो सकती है। बारिश की आशंका के बीच क्रिकेट फैंस भगवान की शरण में पहुंच चुके है। स्थानीय लोगों ने तिरुवनंतपुरम के प्रसिद्ध पजावनगड़ी गणपति मंदिर में पूजा-अर्चना की। लोगों ने भगवान से प्रार्थना की और नारियल भी फोड़ा। बता दें कि केरल को 29 साल बाद किसी इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की मेजबानी का मौका मिला है। साथ ही यह पहला मौका है जब केरल में कोई इटरनेशनल टी-20 मैच होगा।

पजावनगड़ी गणपति की शरण में फैंस
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम टी-20 मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में मैच को बारिश से बचाने के लिए लोग मंगलवार सुबह से ही पजावनगड़ी गणपति मंदिर में पूजा करते नजर आ रहे हैं। कई श्रद्धालु केवल एक ही आस के साथ मंदिर में नारियल फोड़ रहे हैं और वह है आज शाम ग्रीनफील्ड स्टेडियम में टी-20 मैच का सफल आयोजन।

मौसम विभाग की चेतावनी
1988 के बाद पहली बार तिरुवनंतपुरम में अंतर्राष्ट्रीय मैच का आयोजन हो रहा है और इसे देखने के लिए सभी उत्सुक हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाला अंतिम और निर्णायक मैच नवनिर्मित ग्रीनफील्ड स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा। पिछले दो दिनों से तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले कहा था कि मंगलवार को भी दिन में और शाम पांच बजे के बाद बारिश हो सकती है।

नारियल फोड़ने से रोकी जा सकती है बारिश
पौराणिक कथाओं के अनुसार, ऐसी मान्यता है कि पजावनगड़ी गणपति मंदिर एक ऐसा मंदिर है, जहां प्रार्थना के साथ नारियल फोड़ने से बारिश का आगमन रोका जा सकता है। मंदिर पहुंचे युवाओं के एक समूह ने कहा, "यह भगवान का अपना देस (गाड्स ओन कंट्री) है और भगवान की कृपा रहेगी क्योंकि इस शहर में 30 साल के बाद पहली बार अंतर्राष्ट्रीय मैच का आयोजन हो रहा है। यहां पिछली बार जब अंतर्राष्ट्रीय मैच का आयोजन हुआ था, तब तो वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का जन्म भी नहीं हुआ था और न ही हमारा।"

बिक चुके है 40000 से ज्यादा टिकट
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बारिश के दौरान पानी को सोखने के लिए अच्छी व्यवस्था है। आयोजकों का कहना है कि अगर बारिश होती भी है, तो इसके रुकने के 10 मिनट बाद ही मैदान मैच के लिए तैयार हो जाएगा। इस मैच के लिए अधिकांश टिकट बिक चुके हैं। 50,000 के करीब दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में 40,000 से भी अधिक टिकट बिक चुके हैं।

Published on: