
कार्डिफ : बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वार्मअप मैच में केएल राहुल ने शतक लगाकर विश्व कप में बतौर चौथे नंबर बल्लेबाज अपना दावा मजबूत कर लिया है। इस मैच में 99 गेंद पर 108 रन बनाने वाले राहुल हाल ही में कॉफी विद् करण चैट शो को लेकर हुए विवाद के कारण कुछ दिनों तक क्रिकेट से निलंबित भी रह चुके हैं। वह कहते हैं कि निलंबन के दौरान उन्हें आत्ममंथन का मौका मिला और इस वजह से वह मजबूती से वापसी कर सके।
राहुल नहीं चाहते थे ऐसा ब्रेक
दूसरे अभ्यास मैच के बाद केएल राहुल ने कहा कि उन्होंने निलंबन के दौरान अपना पूरा वक्त दोस्तों और परिवार के साथ बिताया। यह उनके लिए बेहद अहम था, क्योंकि टीम की प्रतिबद्धताओं की वजह से वह लंबे समय से घर से दूर थे। उन्होंने कहा कि हालांकि वह इस तरह से ब्रेक नहीं चाहते थे, लेकिन मिले वक्त का उन्होंने सर्वश्रेष्ठ इस्तेमाल किया।
इसे भी पढ़ें : विश्व कप 2019 का एंथम सॉन्ग रिलीज, इंडिया बोले- 'वर्ल्ड कप हमारा है'
धोनी को बल्लेबाजी करते देखना देता है आनंद
केएल राहुल कहते हैं कि वह खुद को लकी हैं कि उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के साथ बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। धोनी के साथ बल्लेबाजी करना सपने जैसा है। उन्होंने पिछले दो-तीन सालों के दौरान महेंद्र सिंह धोनी के साथ कुछ अच्छी साझेदारियां निभाई। उनके साथ बल्लेबाजी में मजा आता है और उन्हें बल्लेबाजी करते देखने में आनंद मिलता है।
राहुल विश्व कप में करेंगे चौथे नंबर पर बल्लेबाजी
केएल राहुल अपने करियर में ज्यादातर पारी की शुरूआत की है, लेकिन अगर विश्व कप में उन्हें मौका मिलता है तो उन्हें चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करनी होगी। इस पर वह कहते हैं कि इस स्तर पर आकर हर बल्लेबाज को दबाव का सामना करना होता है और अपनी जिम्मेदारी निभानी होती है। यह टीम गेम है और हर किसी को मिली भूमिका निभानी होती है। हम सभी उसी तरीके से तैयारी करते हैं। इस स्तर पर आकर कुछ भी सरप्राइज की तरह नहीं होता।
आईपीएल से बढ़ा आत्मविश्वास
राहुल ने कहा कि जो बीत गई जो बीत गई। अब वह अतीत के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहते। वह अब अपना पूरा ध्यान खेल पर लगाना चाहते हैं। उन्हें इस बात की खुशी है कि वह वापसी कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा, जिसे वह यहां भी बरकरार रख सके।
राहुल ने वापसी का श्रेय द्रविड़ को दिया
केएल राहुल अपनी वापसी का पूरा श्रेय इंडिया-ए टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को देते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बल्लेबाजी और तकनीक में कुछ समस्या थी। पहले बेंगलूरु में उन्होंने अपने कोच के साथ उन पर काम किया और राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारत ए के लिए खेलकर खुद को निखारने का और मौका मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने मानसिक तैयारी, आत्मविश्वास की कमी और अपने खराब फॉर्म पर इंडिया-ए के कोच राहुल द्रविड़ से बात की। उन्होंने बताया कि फॉर्म हासिल करने के लिए अच्छी पारियां कैसे खेलनी है आदि।