
Prithvi Shaw fiancee Instagram post, Cheating Controversy: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह खेल नहीं बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है। इसी साल मार्च में पृथ्वी शॉ से सगाई करने वाली उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद हैरान करने वाला पोस्ट शेयर किया है। 23 साल की आकृति ने इस पोस्ट में धोखा मिलने का दर्द बयां किया है। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर पृथ्वी शॉ का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर क्रिकेटर की तरफ ही है।
आकृति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'मुझे इतनी बार धोखा मिला, फिर भी मैंने एक शब्द नहीं कहा। विश्वास नहीं हो रहा कि एक कदम आगे बढ़ाने के बाद भी ऐसा हुआ। सोशल मीडिया पर उनके बारे में जो कुछ भी लिखा है, वो सब सच है। हर एक अफवाह सच है।' आकृति का 'एक कदम आगे बढ़ाना' लिखना दोनों की सगाई की तरफ इशारा करता है। बता दें कि मार्च में सगाई के बाद पृथ्वी ने सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर लिखा था, 'मैदान पर छक्के लगाने से लेकर मैदान के बाहर लाइफटाइम हिट्स तक, वह मेरी परफेक्ट इनिंग्स है।'
पृथ्वी शॉ का विवादों से पुराना नाता रहा है। हाल के सालों में कई महिला इन्फ्लुएंसर्स ने पॉडकास्ट पर दावा किया था कि पृथ्वी शॉ सहित कुछ क्रिकेटर उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज (DMs) करते हैं। आकृति के पोस्ट के बाद इन चर्चाओं को हवा मिल गई है।
शॉ ने 5 साल पहले भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला था। कभी उन्हें अगला सचिन तेंदुलकर कहा जाता था और उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में शतक लगाया था, लेकिन वह जल्द ही टीम से बाहर हो गए। वह पिछले दो आईपीएल सीजन भी नहीं खेल पाए हैं। साल 2023 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के साथ उनका बड़ा विवाद हुआ था, जिसके बाद सपना ने उन पर छेड़छाड़ का केस किया था। कोर्ट ने इस मामले में शॉ पर जुर्माना भी लगाया था, जिस पर शॉ ने कहा था कि उनकी इमेज खराब करने के लिए सपना गिल विमन कार्ड खेल रही हैं। शॉ पिछले 5 महीनों से क्रिकेट के मैदान से पूरी तरह दूर हैं।