
Deepti Sharma Wimbledon: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) इन दिनों लंदन में हैं और अपना एक पुराना सपना जी रही हैं। दीप्ति पहली बार प्रतिष्ठित विंबलडन (Wimbledon) टूर्नामेंट देखने पहुंची हैं। इस खास मौके पर उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) की तुलना टेनिस के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) से की है।
जियो हॉटस्टार (JioHotstar) से बात करते हुए दीप्ति ने बताया कि इन दोनों ही खेल दिग्गजों में दबाव के समय शांत रहने की निराली क्षमता है। दीप्ति ने कहा, 'जब आप जोकोविच की बात करते हैं, तो हर कोई उनकी मानसिक मजबूती की बात करता है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो कभी हार नहीं मानते, चाहे हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों। क्रिकेट में मुझे लगता है कि एमएस धोनी सर बिल्कुल उनके जैसे ही हैं। धोनी सर मुश्किल से मुश्किल हालात में भी दबाव को बहुत आसानी से हैंडल कर लेते हैं और हमेशा कूल रहते हैं।'
लंदन के ऐतिहासिक विंबलडन स्टेडियम में मैच देखने के अपने अनुभव को साझा करते हुए दीप्ति ने कहा, 'मेरा हमेशा से सपना था कि मैं एक दिन विंबलडन का मैच देखने आऊं। जिसे आपने हमेशा टीवी पर देखा हो, उसे पहली बार लाइव देखना एक अद्भुत एहसास है। यहां का माहौल, फैंस और एनर्जी सब कुछ बहुत अलग और शानदार है।'
दीप्ति ने बताया कि नोवाक जोकोविच उनके सबसे पसंदीदा टेनिस खिलाड़ी हैं। हालांकि, वह बचपन में रोजर फेडरर और राफेल नडाल के मैचों को भी काफी करीब से फॉलो करती थीं, लेकिन जोकोविच का 'नेवर गिव अप' (कभी हार न मानना) एटीट्यूड उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित करता है।
जब दीप्ति शर्मा से पूछा गया कि वह विंबलडन में अपने साथ किन भारतीय हस्तियों को लाना चाहेंगी, तो उन्होंने क्रिकेट के तीन सबसे बड़े नामों को चुना। दीप्ति ने कहा, "मैं अपने साथ तीन लोगों को लाना चाहूंगी जो है, सचिन तेंदुलकर सर, रवि शास्त्री सर और सुनील गावस्कर सर। ये सभी लीजेंड हैं। खेलों को लेकर उनके पास इतना ज्ञान है कि उनके साथ बैठकर मैच देखना और उनका एनालिसिस सुनना मेरे लिए एक बेहतरीन अनुभव होगा।'