3 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG: मैनचेस्टर में होगी छक्के-चौकों की बारिश या लगेगी विकेटों की झड़ी? जानें कैसी है पिच

IND vs ENG 2nd Pitch Report: मैनचेस्टर के मैदान पर टी20 इटंरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर 304 रन है तो यहीं पर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 103 रन पर समेट दिया था।
2 min read
Google source verification
Manchester Pitch Report

मैनचेस्टर पिच (फोटो- England Cricket)

IND vs ENG 2nd T20, Manchester Pitch Report: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी, क्योंकि पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। आइए जानते हैं कि मैनचेस्टर की पिच कैसी है और यहां के आंकड़े क्या कहते हैं।

मैनचेस्टर में खेले जा चुके हैं 16 मैच

मैनचेस्टर की पिच की बात करें तो यहां अब तक पुरुषों के 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 7 मैचों में जीत मिली है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 6 मुकाबले जीते हैं। वहीं, 3 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गए।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन है, जबकि दूसरी पारी में औसतन 131 रन बनते हैं। हालांकि, इसी मैदान पर इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 304 रन का विशाल स्कोर भी बनाया था। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 103 रन पर ऑलआउट हो गई थी। पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड ने 199 रन का लक्ष्य भी इसी मैदान पर हासिल किया था। दूसरी ओर, यहां 150 रन का स्कोर भी सफलतापूर्वक डिफेंड किया जा चुका है।

मैनचेस्टर की पिच की सबसे बड़ी खासियत यह है कि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलती है। जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो जाती है। अगर मौसम में बादल छाए रहें और ओवरकास्ट कंडीशन हो, तो तेज गेंदबाज बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं। हालांकि, यदि बल्लेबाज शुरुआती ओवरों में समय बिताकर सेट हो जाएं, तो यहां बड़ी पारी भी खेली जा सकती है।

टीम इंडिया के पास मजबूत गेंदबाजी

टीम इंडिया के पास अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में तेज गेंदबाजी के विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा का इस मुकाबले में खेलना मुश्किल माना जा रहा है। वहीं स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई के साथ अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती टीम की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

पहला मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका था, इसलिए भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा नहीं हो पाई। लेकिन मैनचेस्टर में होने वाले इस मुकाबले में गेंदबाजों के सामने असली चुनौती होगी। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है, ताकि बड़ा स्कोर बनाकर दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम पर दबाव बनाया जा सके।

कब और कहां देखें लाइव?

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। इस मैच का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV और JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी।