
मानव सुथार को विकेट लेने की बधाई देते साथी खिलाड़ी। (फोटो सोर्स: एक्स@/BCCI)
IND vs SL 1st Test Day 4 Highlights: भारतीय टीम गॉल टेस्ट मैच में चौथे दिन जीत की दहलीज पर पहुंच गई है। भारत ने चौथे दिन जीत के लिए मेजबानों के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा। इस टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम चौथे दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में अपने 4 विकेट गंवाकर 84 रन बनाए हैं। भारत को अब गॉल टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन जीत के लिए 6 विकेट की दरकार है, जबकि मेजबान टीम को 288 रन चाहिए। श्रीलंका की पहली पारी में चार विकेट चटकाने वाले मानव सुथार ने दूसरी पारी में दो अहम विकेट चटकाए हैं। अब भारत का आखिरी दिन क्या प्लान होगा? इसका खुलासा मानव ने खुद किया है।
गॉल में चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद मानव सुथार से जब पूछा गया कि क्या इस सफर के बाद जिंदगी अच्छी लगती है? इस पर उनहोंने कहा कि सच में बहुत अच्छा लगता है। टेस्ट क्रिकेट खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है। जिस तरह से मैंने इस मैच की शुरुआत की, पहली बॉल पर विकेट लिया और अच्छी रिदम पाई, मैंने बस अच्छे एरिया में बॉलिंग करके उसे जारी रखने की कोशिश की।
आप हर मैच से पहले कैसे तैयारी करते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि मैं मैच से पहले स्पॉट बॉलिंग करता हूं। रिदम में आने के लिए आमतौर पर एक या दो दिन पहले, जितना हो सके गेंदबाजी करता हूं। जडेजा और कुलदीप के साथ गेंदबाजी कर कैसा लग रहा है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि जडेजा भाई और कुलदीप भाई बहुत सीनियर और लेजेंडरी बॉलर हैं। मुझे उन्हें देखकर ही बहुत कुछ सीखने को मिलता है। मैं हर दिन उनसे जितना हो सके, सीखने की कोशिश करता हूं। विकेट अच्छा खेल रहा है। जब हम आज दूसरी पारी में बॉलिंग कर रहे थे, तब भी हमें थोड़ा ही टर्न मिल रहा था। शायद कल ज्यादा टर्न मिले।
कल के लिए क्या प्लान हैं? इस सवाल पर मानव ने कहा कि आइडिया एक अच्छी शुरुआत करने का है। हम जितनी जल्दी हो सके अपनी लेंथ ढूंढने की कोशिश करेंगे और फिर विकेट के हिसाब से तय करेंगे कि कल सुबह हमें किस लेंथ पर बॉलिंग करनी है। इसलिए प्लान यह होगा कि जितनी जल्दी हो सके कंडीशन के हिसाब से खुद को ढाल लिया जाए।
Updated on:
18 Aug 2026 07:21 pm
Published on:
18 Aug 2026 07:21 pm
