क्रिकेट

IND vs SL: वार्म-अप मैच में देवदत्त पड्डिकल का शतक, बरार ने चार छक्के जड़ किया दिन का अंत, भारत को मुसीबत से निकाला

श्रीलंका ने पहले दिन आठ विकेट पर 363 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। दूसरे दिन भारत ने छह विकेट पर 357 रन बनाए। फिलहाल टीम इंडिया मेजबानों से छह रन पीछे है।
2 min read
Aug 08, 2026
IND vs SL XI Match Highlights
शतक के बाद बल्‍ला उठाते देवदत्‍त पडिक्‍कल और साथ में रवींद्र जडेजा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

Sri Lanka Cricket XI vs India, 3-Day Warm-up Match: भारत ने नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में जारी तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है।

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की बेहतरीन बल्लेबाजी

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर घोषित की। निशान मदुष्का और रविंदु रसनथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। निशान 12 बाउंड्री के साथ 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रविंदु ने पसिंदु सूरियाबंदारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया।

पसिंदु सूरियाबंदारा 6 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रविंदु ने 7 बाउंड्री के साथ 71 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सोनल दिनुशा ने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 63 रन जुटाते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया। सोनल ने टीम के खाते में 52 रन जोड़े। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार ने 1 विकेट हासिल किया।

पड्डिकल ने पारी को संभाला

इसके जवाब में भारत को पारी की दूसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल (0) के रूप मे झटका लगा। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी करते हुए भारत को संभाला। केएल राहुल 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

शतक लगाकर क्रीज़ पर खड़े हैं पड्डिकल

भारत की तरफ से इस पारी में देवदत्त पड्डिकल ने 18 चौकों के साथ नाबाद 142 रन बना लिए हैं। वहीं, रवींद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। मानव सुथार ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। श्रीलंकाई खेमे से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशरा नुवानथा 1-1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस वार्म-अप मैच के बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा।

Updated on:
08 Aug 2026 06:30 pm
Published on:
08 Aug 2026 06:30 pm