क्रिकेट

IPL 2027: स्टीफन फ्लेमिंग ने छोड़ा CSK का साथ, हेड कोच के पद से दिया इस्तीफा, 19 साल में जिताए 7 खिताब

चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। क्रीकबज की रिपोर्ट के मुताबिक स्टीफन फ्लेमिंग अगले साल हेडकोच की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। फ्लेमिंग आईपीएल के पहले सीजन से सीएसके के साथ थे और वे लीग के सफलतम कोच की लिस्ट में शुमार हैं।
3 min read
Jul 13, 2026
CSK
हेडकोच स्टीफन फ्लेमिंग ने CSK का साथ छोड़ा (photo - IPL)

Stephen Fleming left Chennai Super Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में निराशाजनक सीजन के बाद पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। फ्रेंचाइजी के हेडकोच और दिग्गज खिलाड़ी स्टीफन फ्लेमिंग ने टीम से अलग होने का फैसला किया है और मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्लेमिंग आईपीएल के पहले सीजन से सीएसके के साथ थे और वे लीग के सफलतम कोचों में से एक थे।

फ्लेमिंग और धोनी की जोड़ी ने किया कमाल

आईपीएल 2008 में फ्लेमिंग एक खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े। एक सीजन खेलने के बाद साल 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की कमान संभाली। फ्लेमिंग और महेंद्र सिंह धोनी की जोड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात खिताब जिताए। इसमें आईपीएल के पांच और चैंपियंस लीग टॉफी (CLT20) के दो खिताब शामिल हैं। इस दौरान सीएसके ने 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई, जबकि टीम ने 10 बार आईपीएल का फ़ाइनल खेला। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल फ्रैंचाइज़ी है।

सीएसके ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अपना 18 साल का साथ खत्म करने का फैसला किया है। इस घोषणा के साथ ही लीग के इतिहास में सबसे लंबे और सबसे सफल कोचिंग कार्यकाल में से एक का समापन हुआ।

CSK की मालकिन ने क्या कहा

इस फैसले की घोषणा करते हुए सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने लगभग दो दशकों तक फ्रेंचाइजी में फ्लेमिंग के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, "स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रेंचाइजी के लगभग पूरे सफर में हमारी कोचिंग यूनिट की जान रहे हैं। लगभग दो दशकों तक, उन्होंने हमारी पहचान, विजन और बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिश को आकार देने में मदद की है। सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से, हम उनकी अटूट प्रतिबद्धता, जुनून और नेतृत्व के लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। भले ही मैदान पर हमारा साथ खत्म हो रहा है, लेकिन वह हमेशा टीम की विरासत का एक अहम हिस्सा बने रहेंगे।"

डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने फ्लेमिंग की तारीफ की

चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने कहा कि फ्लेमिंग का प्रभाव मैदान पर मिलने वाले नतीजों से कहीं आगे तक था; उन्होंने फ्रेंचाइजी की पहचान बन चुके कल्चर को स्थापित करने का श्रेय उन्हें दिया। काशी ने कहा, "इस सफर की शुरुआत से ही फ्लेमिंग ने न केवल हमारे खेलने के तरीके को, बल्कि एक फ्रेंचाइजी के तौर पर हम क्या बनना चाहते थे, इसे भी तय करने में मदद की। उन्होंने निरंतरता, विनम्रता और टीम को प्राथमिकता देने पर आधारित कल्चर बनाया। लोगों को समझने और टीम के हर सदस्य से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक रही है। उनका प्रभाव बाउंड्री से कहीं आगे तक है, और हमें गर्व है कि हमने यह शानदार सफर एक साथ तय किया।"

फ्लेमिंग ने CSK से हटने के बाद क्या कहा

अपनी विदाई पर बात करते हुए फ्लेमिंग ने सीएसके के साथ बिताए समय को अपने कोचिंग करियर का सबसे अहम हिस्सा बताया और लगभग दो दशकों तक साथ मिलकर मिली कामयाबी के लिए फ्रेंचाइजी का शुक्रिया अदा किया। फ्लेमिंग ने कहा, "खेल की दुनिया में 18 साल का समय बहुत लंबा होता है, और मैं यहां से सिर्फ शुक्रगुजारी के साथ जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे खास अनुभव रहा है। हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है। हमने साथ मिलकर यादगार जीत हासिल कीं, मुश्किल पलों का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी, और मैं आने वाले सालों में भी टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।"

सीएसके का हाल के सालों में निराशाजनक प्रदर्शन

बता दें कि सीएसके ने आखिरी बार 2023 में आईपीएल खिताब जीता था। इसके बाद से टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखी गई है। पिछले तीन सीजन में चेन्नई प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सकी है। 2024 में सीएसके पांचवें स्थान पर रही, 2025 में सबसे नीचे 10वें स्थान पर रही थी, जबकि 2026 सीजन में टीम ने आठवें स्थान पर रहकर अपने अभियान का अंत किया। सीएसके कुल पांच बार (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) आईपीएल चैंपियन बन चुकी है।

Updated on:
13 Jul 2026 01:00 pm
Published on:
13 Jul 2026 12:00 pm
Also Read
View All
IND vs ENG: वनडे सीरीज में विराट कोहली के निशाने पर होंगे ये बड़े रिकॉर्ड्स, इस मामले में सचिन को छोड़ सकते हैं पीछे

IND vs ENG: कोहली -रोहित का दिखेगा जलवा, इतने बजे से शुरू होगा वनडे मुक़ाबला, जानें कब, कहां और कैसे देख सकते हैं सीरीज

IND vs ENG ODI: इंग्लैंड से टी20 सीरीज में मिली शर्मनाक हार का हिसाब बराबर करना चाहेगा भारत, देखें हेड टू हेड रिकॉर्ड

इंग्लैंड-आयरलैंड से हार के बाद गौतम गंभीर नहीं सपोर्ट स्टाफ की ‘चढ़ेगी बली’, इस कोच की होगी छुट्टी, BCCI करेगा फेरबदल

IND vs ENG Test: ऋचा घोष ने पकड़ा टेस्ट क्रिकेट का सबसे खतरनाक कैच, मैडी विलियर्स को भी नहीं हुआ यकीन, देखें Video